Ajay Devgn Starrer Dhamaal 4: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के बेहतरीन एक्टर अजय देवगन (Ajay Devgn) इन दिनों कई वजह से सुर्खियों में बने हुए हैं। एक तरफ अभिनेता अपकमिंग फिल्म 'रेड 2' के प्रमोशन में व्यस्त हैं तो वहीं दूसरी ओर अजय देवगन अपनी कॉमेडी-ड्रामा बेस्ड मूवी 'धमाल 4' (Dhamaal 4) की शूटिंग में भी व्यस्त हैं। 'धमाल' फ्रेंचाइजी की चौथी किस्त को देखने के लिए फैन्स भी बड़ी बेताबी से इंतजार कर रहे हैं। अब जो रिपोर्ट्स सामने आई हैं उनके मुताबिक मेकर्स ने अजय देवगन की मल्टीस्टारर मूवी 'धमाल 4' के क्लाइमेक्स को फिल्माने की तैयारी शुरू कर दी है।
इस दिन फिल्माया जाएगा 'धमाल 4' का क्लाइमेक्स
मिड-डे की हालिया रिपोर्ट के अनुसार मेकर्स ने अजय देवगन की फिल्म 'धमाल 4' के क्लाइमेक्स को फिल्माने के लिए कमर कस ली है। अब बताया जा रहा है कि इस मूवी के क्लाइमेक्स को मुंबई में ही 15 मई के दिन फिल्माया जाएगा। उम्मीद है कि हर बार की तरह अजय देवगन की यह फिल्म दर्शकों को गुदगुदाने में कामयाब रहेगी। पोर्टल के मुताबिक 'धमाल 4' में कई फाइटिंग और एक्शन सीन्स भी होंगे, जो दर्शकों को एक नया एक्सपीरियंस देंगे।
कुछ दिनों पहले ही मेकर्स ने फिल्म की स्टारकास्ट के साथ एक फोटो शेयर कर जानकारी देते हुए बताया था कि 'धमाल 4' का पहला शेड्यूल पूरा कर लिया गया है। इस फोटो में अरशद वारसी, जावेद जाफरी, अंजलि आनंद, संजय मिश्रा और संजीदा शेख सहित कई कलाकार नजर आए थे। इस मूवी का निर्देशन इंद्र कुमार कर रहे हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो अजय देवगन की 'रेड 2' 1 मई के दिन रिलीज होने जा रही है।
