शहर

Etawah: भरथना में डबल मर्डर, दो दिन बाद मिलीं मां-बेटी की लाशें; चारपाई पर रखी दरांती बरामद

Etawah Double Murder: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र स्थित चंदेठी गांव में मां और विवाहिता बेटी की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। दो दिन से बंद पड़े घर के अंदर दोनों के खून से लथपथ शव मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Image

घटनास्थल पर मौजूद जांच टीम

Photo : Times Now Digital

Etawah Double Murder: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के भरथना थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदेठी गांव में एक ही घर के अंदर मां और उनकी विवाहिता बेटी की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। सोमवार को दोनों के खून से लथपथ शव घर के अंदर से बरामद हुए। दो दिनों से बंद पड़े मकान के अंदर डबल मर्डर की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

दो दिन से बंद था दरवाजा

मृतका की पहचान पुष्पा देवी और उनकी विवाहिता बेटी मंजू देवी उर्फ निर्मला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घर के अन्य पुरुष सदस्य नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं, जिसके चलते मां और बेटी घर में अकेली रहती थीं। घर का दरवाजा अंदर से बंद था और कोई चहल-पहल नहीं दिख रही थी। दो दिनो के बाद जब ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर के अंदर गए तो पुष्पा देवी का शव गैलरी में रखी चारपाई पर पड़ा था, जबकि उनकी बेटी मंजू का शव आंगन में रक्तरंजित अवस्था में मिला।

चारपाई पर मिली धारदार दरांती

घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को पुष्पा देवी की चारपाई के पास से ही एक धारदार दरांती रखी हुई मिली। पुलिस को प्राथमिक जांच में आशंका है कि बदमाशों ने इसी धारदार हथियार से मां-बेटी का गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया होगा। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डबल मर्डर की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article