भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला (Shehzad Poonawalla) ने एक बार फिर पार्टी के सभी पदों और सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। आज यानी सोमवार 17 अगस्त 2026 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को लिखी चिट्ठी में उन्होंने अपने निर्णय को अंतिम बताते हुए इस्तीफा स्वीकार करने की अपील की। इससे पहले 30 जुलाई को भी उन्होंने इस्तीफे की पेशकश की थी, जिसे भाजपा ने स्वीकार नहीं किया था।
पूनावाला ने चिट्ठी में लिखा कि पार्टी की ओर से उनके इस्तीफे को स्वीकार करने से इनकार करने और फैसले पर पुनर्विचार के आग्रह के बाद उन्होंने इस पर लंबा विचार-विमर्श किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद और BJP की सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से अलग होने का निर्णय लिया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi), भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बीएल संतोष सहित वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया। पूनावाला ने कहा कि पार्टी ने उन्हें पिछले पांच वर्षों में मंच और अवसर दिए, जिसके लिए वह नेतृत्व के आभारी हैं।
चिट्ठी में उन्होंने अपनी आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब वह निजी क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी से व्यवस्था के स्तर पर अलग होने के बावजूद विचार और व्यक्ति के रूप में वह पीएम मोदी तथा BJP के दृष्टिकोण व कार्यों का समर्थन करते रहेंगे।
पूनावाला ने यह भी कहा कि वह पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहे हैं, अपने विचार नहीं। इससे पहले उनके इस्तीफे और सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने के संकेतों के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा तेज हुई थी।
