शहर

बारिश से दरिया बना प्रयागराज! चार फीट तक पानी में डूबे मोहल्ले; छतों पर रहने को मजबूर लोग

प्रयागराज में लगातार तेज बारिश से कई मोहल्लों चार फीट तक पानी भर गया है। करेली, जसीर की पुलिया समेत कई इलाकों में घरों के निचले हिस्से जलमग्न होने से लोग पहली मंजिल व छतों पर रहने को मजबूर हैं।

Image

प्रयागराज में बारिश का कहर, चार फीट तक पानी में डूबे मोहल्ले

Prayagraj Waterlogging: प्रयागराज में लगातार तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। देर रात हुई मूसलाधार बारिश और सुबह से रुक-रुककर जारी बारिश से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। कई गली-मोहल्लों में चार फीट तक पानी भर गया। करेली की गड्ढा कॉलोनी और जसीर की पुलिया के आसपास सबसे ज्यादा जलभराव की स्थिति बनी हुई है। टाइम्स नाउ नवभारत की टीम ने करेली के प्रभावित इलाकों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया, जहां घुटनों तक पानी भरा हुआ है।

बारिश के बाद मोहल्ले में जलभराव इतना ज्यादा हो गया है कि कई परिवारों को घर की पहली मंजिल और छतों पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कई घरों के निचले हिस्से में रखा गृहस्थी का सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सब पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ घरों में पानी खिड़कियों को तोड़कर अंदर घुस गया और देखते ही देखते पूरा निचला हिस्सा जलमग्न हो गया।

नालों की सफाई पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने जलभराव के लिए नाले-नालियों की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि समय पर सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी तेजी से मोहल्लों में पहुंच गया और सड़कें जलमग्न हो गईं। बारिश और नाले का पानी एक साथ आने से लोगों को अपना सामान बचाने तक का मौका नहीं मिला।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

जलभराव के बीच लोगों को छोटे बच्चों की सुरक्षा की भी चिंता सता रही है। मोहल्लों में पानी भरने के कारण सांप और दूसरे जहरीले जीव-जंतुओं के घरों में घुसने का डर भी लोगों में बढ़ गया है। पानी भरने के कारण बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हुई है और वे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।

प्रयागराज के कई इलाकों में भरा पानी

कई परिवार घरों में ताला लगाकर सुरक्षित स्थानों और रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। वहीं, जॉर्ज टाउन, निरंजन डॉट पुल, स्टेशन रोड, खुल्दाबाद और तेलियरगंज समेत प्रयागराज के कई अन्य इलाकों में भी बारिश और जलभराव का प्रभाव देखने को मिल रहा है। करेली के प्रभावित इलाकों में कई घरों के अंदर तक पानी पहुंच चुका है। स्थानीय लोग अपनी आंखों के सामने बर्बाद हुई गृहस्थी को देखकर परेशान हैं और प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article