बिजनेस

Share Market Today: 24300 के नीचे आया Nifty, Sensex 300 अंक लुढ़का, क्यों फिसला बाजार?

शेयर बाजार में सप्ताह की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई है। बेंचमार्क इंडेक्स Sensex और Nifty सहित ज्यादातर बड़े इंडेक्स में बिकवाली हावी है। खासतौर पर निफ्टी 24300 के अहम स्तर से नीचे आ गया है।

Image

शेयर बाजार में गिरावट

Share Market Today : भारतीय शेयर बाजार की सोमवार, 17 अगस्त को कमजोर शुरुआत हुई है। शुरुआती कारोबार में Nifty 80 अंक से ज्यादा गिरकर 24,280.85 के स्तर पर आ गया। वहीं बैंकिंग शेयरों में भी दबाव देखने को मिला। वहीं, Sensex 300 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 77,640.39 तक फिसल गया। Nifty Bank 0.43% की गिरावट के साथ 57,244 के आसपास कारोबार कर रहा था, जबकि BSE Bankex 388 अंक टूटकर 64,882 के स्तर पर आ गया। शुरुआती संकेत बता रहे हैं कि बाजार में फिलहाल खरीदारी के मुकाबले बिकवाली का दबाव ज्यादा है।

Bank और IT शेयरों में दबाव

बैंकिंग इंडेक्स में आज कमजोरी ज्यादा नजर आ रही है। Nifty Bank 0.43% नीचे है, जबकि BSE Bankex में 0.59% की गिरावट है। Nifty PSU Bank सबसे कमजोर सेक्टरों में है और करीब 1.27% नीचे कारोबार कर रहा है। Nifty Private Bank में हालांकि गिरावट सीमित रही और यह 0.12% नीचे था। IT शेयर भी बाजार पर दबाव बना रहे हैं। Nifty IT में 1.18% की गिरावट है। यह शुरुआती कारोबार में सबसे कमजोर प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स में शामिल है। Financial Services और Financial Services ex-Bank इंडेक्स भी लाल निशान में हैं।

इन सेक्टरों में खरीदारी

बाजार की कमजोरी के बीच कुछ सेक्टरों में खरीदारी देखने को मिल रही है। Nifty Auto 0.38% ऊपर है। Media इंडेक्स में 0.37% और Healthcare Index में 0.21% की तेजी है। Pharma इंडेक्स भी 0.13% ऊपर कारोबार कर रहा है। इससे संकेत मिलता है कि बाजार में फिलहाल हर जगह बिकवाली नहीं है, बल्कि निवेशक कुछ चुनिंदा सेक्टरों में पैसा लगा रहे हैं। Auto और Healthcare जैसे सेक्टरों में मजबूती बाजार के लिए सकारात्मक संकेत है।

ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत

वैश्विक बाजारों से भारतीय बाजार को बहुत मजबूत सपोर्ट नहीं मिल रहा है। अमेरिकी बाजार के फ्यूचर्स में हल्की कमजोरी है। Dow Futures 0.12%, S&P 500 Futures 0.17% और Nasdaq Futures 0.28% नीचे थे। एशियाई बाजारों में हालांकि तस्वीर बेहतर है। Hang Seng 1.59% और Shanghai Composite 0.83% ऊपर हैं। Nikkei 225 में 0.22% की तेजी है। दूसरी तरफ GIFT Nifty 0.40% नीचे कारोबार कर रहा है।

क्रूड ने बिगाड़ा माहौल

कमोडिटी बाजार में Brent Crude करीब 0.25% ऊपर 88.75 डॉलर प्रति बैरल पर है। Gold 0.44% की तेजी के साथ 4,394.85 डॉलर पर है। डॉलर के मुकाबले रुपया भी शुरुआती कारोबार में कमजोर है और USD/INR 95.58 के आसपास पहुंच गया है।

क्यों फिसला बाजार ?

ईरान युद्ध और कच्चे तेल का डर : अमेरिका-ईरान बातचीत में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है और होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही भी काफी घट गई है। इससे सप्लाई बाधित होने की चिंता बढ़ी है। Brent करीब $89 प्रति बैरल पहुंच गया है। महंगा क्रूड भारत के लिए चिंता बढ़ाता है।

ग्लोबल बाजार से कमजोर संकेत : अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरकर बंद हुए और सोमवार को GIFT Nifty भी कमजोरी का संकेत दे रहा था। एशियाई बाजारों में भी निवेशक सावधानी बरत रहे हैं।

पिछले सप्ताह की कमजोरी का असर : 14 अगस्त को खत्म हुए सप्ताह में Sensex करीब 500 अंक और Nifty करीब 205 अंक टूटे थे। ऐसे में बाजार पहले से ही दबाव में था।

बैंकिंग और IT में बिकवाली : आज शुरुआती कारोबार में Nifty IT करीब 1.18% और PSU Bank करीब 1.27% नीचे है। Nifty Bank भी 0.43% गिरा है। इन बड़े सेक्टरों में कमजोरी ने पूरे बाजार पर दबाव बढ़ाया है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article