अगर कोई बाइक सवार सड़क पर बाइक को सिर्फ पिछले पहिए पर चलाए, तो यह अपने आप में बड़ा कारनामा लगता है लेकिन स्पेन के मोटरस्पोर्ट्स स्टार टोनी बू (Toni Bou) ने इससे भी आगे बढ़कर ऐसा स्टंट किया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, टोनी बू ने मोटरसाइकिल को सिर्फ पिछले पहिए पर चलाते हुए लगातार 53 बैरल पार किए। इस अनोखे कारनामे की वजह से उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) में दर्ज हो चुका है। जिसका वीडियो (Video) गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @guinnessworldrecords से शेयर किया है।
बाइक के पिछले पहिए पर किया कमाल
जानकारी के मुताबिक, टोनी बू ने यह कारनामा स्पेन के बार्सिलोना के पिएरा (Piera) शहर में किया। खास बात यह है कि जिस राउंडअबाउट पर उन्होंने यह स्टंट किया, उसका नाम भी उनके नाम पर रखा गया है। इस स्टंट के लिए कई बैरल को एक खास तरीके से राउंडअबाउट के चारों ओर रखा गया था। इसके बाद टोनी बू ने अपनी मोटरसाइकिल को केवल पिछले पहिए पर उठाया और एक-एक करके बैरल के ऊपर से छलांग लगानी शुरू की। देखने वालों के लिए यह किसी फिल्म के एक्शन सीन जैसा नजर आ रहा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
एक के बाद एक 53 बैरल!
इस पूरे कारनामे में टोनी बू ने लगातार 53 बैरल को मोटरसाइकिल के पिछले पहिए पर बैलेंस बनाते हुए पार किया। जरा सोचिए, बाइक का अगला पहिया हवा में हो और नीचे लगातार रखे बैरल हों। ऐसे में बाइक की रफ्तार, बैलेंस और शरीर के कंट्रोल में जरा सी भी गलती स्टंट को बिगाड़ सकती थी। लेकिन टोनी बू ने इस दौरान शानदार कंट्रोल दिखाया और एक के बाद एक सभी बैरल को पार कर दिया।
कौन हैं टोनी बू?
टोनी बू स्पेन के मशहूर मोटरसाइकिल ट्रायल राइडर हैं। वह अपनी शानदार बाइक कंट्रोल और मुश्किल से मुश्किल ट्रिक्स करने के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। मोटरसाइकिल ट्रायल में राइडर को बिना पैर जमीन पर टिकाए बेहद मुश्किल रास्तों और बाधाओं को पार करना होता है। इसमें बाइक पर बैलेंस और कंट्रोल सबसे ज्यादा मायने रखता है। टोनी बू इसी कला में लंबे समय से अपना नाम बना चुके हैं।
उनके नाम पर है राउंडअबाउट
इस रिकॉर्ड को और खास बनाने वाली बात यह है कि स्टंट उनके अपने शहर पिएरा में हुआ। जिस राउंडअबाउट के चारों ओर बैरल लगाए गए थे, उसका नाम टोनी बू के नाम पर रखा गया है। यानी यह सिर्फ एक रिकॉर्ड बनाने की कोशिश नहीं थी, बल्कि उनके अपने शहर में उनके सम्मान से जुड़ा एक खास पल भी था।
