Ram Charan Next RC16 is Shelved: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता राम चरण (Ram Charan) की इस साल दो फिल्में 'आरआरआर' और 'आचार्य' रिलीज हुईं। 'आरआरआर' के ब्लॉकबस्टर होने के बाद दर्शकों को राम चरण स्टारर 'आचार्य' से काफी उम्मीदें थीं। हालांकि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर निर्माताओं के हिसाब से कमाई करने में सफल नहीं रही। कुछ महीनों पहले राम चरण ने 'जर्सी' फेम डायरेक्टर गौतम तिन्ननुरी के साथ अपनी अपकमिंग फिल्म अनाउंस की थी। इस फिल्म का टाइटल 'RC16' रखा गया था। फिल्म को लेकर ताजा अपडेट यह है कि इसे मेकर्स ने बंद करने का मन बना लिया है। इस खबर को खुद राम चरण के पीआर ने कन्फर्म किया है।
बंद हुई राम चरण की 'आरसी16'
राम चरण के पीआर ने ट्विटर पर घोषणा की कि 'आरसी16' को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। उन्होंने लिखा, 'हमारा मेगा पावर स्टार राम चरण का अगला प्रोजेक्ट आरसी16 को बंद कर दिया गया है, जो गौतम के साथ बनने जा रही थी। उम्मीद है कि फिल्म पर दोबारा काम शुरू हो सकता है! राम चरण जल्द ही आधिकारिक तौर पर अपने नए प्रोजेक्ट की घोषणा करेंगे।'
हालांकि फिल्म के बंद होने की खबरें अप्रैल में ही आने लगी थीं लेकिन राम चरण ने मीडिया से बातचीत में इन अफवाहों को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि फिल्म पर काम चल रहा है। गौतम एक एक्शन-ओरिएंटेड कमर्शियल ड्रामा पर काम कर रहे हैं। मैंने गौतम को खुली छूट दे दी है। मैं गौतम जैसे टैलेंटेड फिल्म निर्माता के साथ काम करने के लिए बेहद उत्साहित हूं। रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया था कि 'आरसी16' में राम चरण के अपोजिट रश्मिका मंदाना को कास्ट किया है।
राम चरण इन दिनों शंकर के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म 'आरसी15' को लेकर भी चर्चा में बने हुए हैं। इस फिल्म में अभिनेता के साथ लीड रोल में कियारा आडवाणी को देखा जाएगा। दोनों एक्टर्स की जोड़ी को ऑनस्क्रीन देखने के लिए दर्शक भी बेताब हैं।
