इलेक्शन

जो नर्मदा डैम के खिलाफ थे, वो कांग्रेस के साथ पदयात्रा कर रहे- गुजरात में PM मोदी का राहुल पर वार

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 20, 2022, 06:42 PM IST

नर्मदा बचाओ आंदोलन का नेतृत्व करने वाली मेधा पाटकर, हाल ही में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थी। मेधा पाटकर के कांग्रेस की यात्रा में शामिल होने को लेकर बीजेपी पहले से ही हमला बोलती रही है, अब पीएम मोदी ने भी इस मामले को गुजरात चुनाव में उछाल दिया है।

Image

गुजरात में चुनावी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी

Photo : Twitter

गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Election) के लिए धोराजी पहुंचे पीएम मोदी (PM modi) ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता उनके साथ पदयात्रा कर रहे हैं, जिन्होंने गुजरात के विकास को रोकने की कोशिश की थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वो सभी उन कांग्रेस के नेताओं से यह सवाल पूछे, जो वोट मांगने के लिए आ रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान नर्मदा बचाओ आंदोलन की कार्यकर्ता मेधा पाटकर के शामिल होने पर राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से हमला बोला। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा- "आप नर्मदा बांध परियोजना का विरोध करने वालों के साथ पदयात्रा कर रहे हैं।"

मोदी ने पूछा कि गुजरात में कांग्रेस किस नैतिक आधार पर वोट मांग रही है। उसके नेता की भारत जोड़ो यात्रा में एक महिला शामिल हुई थी, जिसने नर्मदा बांध परियोजना को तीन दशकों तक रोके रखा था। गुजरात के धोराजी में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- "नर्मदा बांध परियोजना को तीन दशक तक ठप रखने वाली महिला के साथ कांग्रेस के एक नेता को पदयात्रा निकालते देखा गया।"

उन्होंने लोगों से सवाल पूछने की अपील करते हुए कहा- "जब वोट मांगने की बात आती है तो कांग्रेस से पूछिए कि जो लोग नर्मदा बांध के खिलाफ थे, उनके कंधों पर हाथ रखकर आप क्यों पदयात्रा निकाल रहे हैं? नर्मदा बांध न बनाया होता तो क्या होता?"

आगे पीएम मोदी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने नर्मदा परियोजना की नींव रखी और फिर मेरे द्वारा इसका उद्घाटन किया गया। नर्मदा नदी कच्छ और काठियावाड़ के लिए पीने के पानी का एकमात्र स्रोत थी, लेकिन पानी का बहाव तीन दशकों तक रुका रहा। इस मामले को अदालत में घसीटा गया। एक विरोध प्रदर्शन किया गया था ताकि लोगों तक पानी न पहुंचे। गुजरात को इस हद तक बदनाम करने की कोशिश की गई कि विश्व बैंक ने भी परियोजना के लिए धन रोक दिया।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article