इलेक्शन

Gujarat Election: सोशल मीडिया पर 'पब्लिसिटी स्टंट' कर रहे थे IAS साहब, चुनाव आयोग ने नाप दिया

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 19, 2022, 01:18 AM IST

चुनाव आयोग ने इस मामले को बहुत ही गंभीरता से लिया और आईएएस अभिषेक सिंह को तत्काल प्रभाव से चुनावी ड्यूटी से हटा दिया। इस मामले को लेकर आईएएस अभिषेक सिंह की फोटो सामने आई थी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। इसी को लेकर चुनाव आयोग ने यह कार्रवाई की है।

Image

फोटो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने ड्यूटी से हटाया (फोटो- @abhishek_as_it_is)

गुजरात चुनाव में एक आईएएस अधिकारी को चुनावी ड्यूटी के बारे में सोशल मीडिया पर बताना भारी पड़ गया है। जैसे ही यह मामला चुनाव आयोग के संज्ञान में आया, उसने तत्काल प्रभाव से आईएएस को चुनावी ड्यूटी से हटा दिया है।

क्या है मामला

दरअसल यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह को गुजरात चुनाव में ड्यूटी लगी थी। उन्हें ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। इसी को लेकर उन्होंने एक फोटो इंस्टाग्राम पर डाली थी, जिसमें उनकी गाड़ी पर ऑब्जर्वर का लगा बोर्ड दिख रहा था, साथ ही एक और फोटो में वो अपनी टीम के साथ थे। इसकी शिकायत जब चुनाव आयोग के पास पहुंची तो उसने इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दे दिया और अभिषेक सिंह के खिलाफ एक्शन ले लिया।

चुनाव आयोग ने क्या कहा

शुक्रवार को गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को कड़े शब्दों में लिखे पत्र में, चुनाव आयोग ने कहा कि 2011 बैच के अधिकारी ने एक सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में अपनी पोस्टिंग शेयर करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का इस्तेमाल किया और अपनी आधिकारिक स्थिति को "प्रचार स्टंट" के रूप में इस्तेमाल किया। सूत्रों के अनुसार चुनाव आयोग ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया और अधिकारी को सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में उनके कर्तव्यों से तुरंत मुक्त कर दिया। उन्हें अगले आदेश तक किसी भी चुनाव संबंधी ड्यूटी से भी वंचित कर दिया गया है। अधिकारी को यह भी निर्देश दिया गया कि उन्हें जिस निर्वाचन क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई थी, उसे वो तुरंत छोड़ दें और अपने नोडल अधिकारी को रिपोर्ट करें।

सुविधाएं ली गईं वापस

सूत्रों की मानें तो आईएएस अभिषेक सिंह को दी गई सारी सुविधाएं भी चुनाव आयोग ने वापस लेने का निर्देश दिया है। अन्य आईएएस अधिकारी को उन विधानसभा सीटों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है जो अभिषेक सिंह संभाल रहे थे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article