एजुकेशन

MBA में दाखिले के लिए कौन से एग्जाम होते हैं? जानें नेशनल से स्टेट लेवल की परीक्षा

MBA के लिए भारत में कैट के अलावा भी कई नेशनल और स्टेट लेवल परीक्षाएं है, जिसके बारे में छात्रों का जानना जरूरी है। ताकि वह केवल एक परीक्षा पर निर्भर न रहें।

Image

MBA

MBA Entrance Exam in India: जब बात बेहतरीन करियर और हाई-सैलरी पैकेज वाले कोर्सेज की होती है, तो सबसे पहला नाम MBA का ही आता है। भारत सहित दुनिया भर के कॉर्पोरेट जगत और मैनेजमेंट सेक्टर में इस कोर्स की मांग हमेशा बहुत ज्यादा रहती है। यही वजह है कि ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद एक बड़ी संख्या में छात्र एमबीए करने और इस क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सपना देखते हैं।

हालांकि, MBA करने की चाहत रखने वाले लाखों छात्रों में से कइयों को लगता है कि इसके लिए केवल कैट (CAT) परीक्षा ही एक मात्र रास्ता है। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। कैट के अलावा भी कई ऐसी महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाएं हैं जिनके जरिए बेहतरीन देश के बिजनेस स्कूलों में दाखिला लिया जा सकता है। आइए जानते हैं राष्ट्रीय से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित होने वाली ऐसी ही प्रमुख एमबीए प्रवेश परीक्षाओं के बारे में।

नेशनल लेवल एमबीए एंट्रेंस एग्जाम

कैट एग्जाम

यह भारत की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन एमबीए प्रवेश परीक्षा है (CAT - Common Admission Test)। इसे भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIMs) द्वारा रोटेशन के आधार पर आयोजित किया जाता है। देश के सभी 21 IIMs के अलावा FMS दिल्ली, MDI गुड़गांव और SPJIMR मुंबई जैसे टॉप कॉलेज कैट स्कोर के आधार पर ही एडमिशन देते हैं।

जेट एग्जाम

जेट एग्जाम (XAT - Xavier Aptitude Test) यह परीक्षा XLRI जमशेदपुर द्वारा आयोजित की जाती है। कैट के बाद इसे दूसरी सबसे बड़ी परीक्षा माना जाता है। XLRI के अलावा देश के 160 से अधिक टॉप मैनेजमेंट संस्थान जेट स्कोर को स्वीकार करते हैं।

सीमैट

सीमैट (CMAT - Common Management Admission Test) परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जाने वाली यह एक कंप्यूटर आधारित परीक्षा है। जिन छात्रों को कैट या जेट बहुत कठिन लगता है, उनके लिए सीमैट एक बेहतरीन विकल्प है। इसके तहत देश के 1000 से अधिक एआईसीटीई (AICTE) से मान्यता प्राप्त कॉलेजों में दाखिला मिलता है।

मैट

मैट (MAT - Management Aptitude Test) ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (AIMA) द्वारा यह परीक्षा साल में चार बार - फरवरी, मई, सितंबर और दिसंबर में आयोजित की जाती है। यह परीक्षा ऑनलाइन (CBT) और ऑफलाइन (PBT) दोनों मोड में होती है।

स्टेट लेवल एमबीए एंट्रेंस एग्जाम

MAH CET: महाराष्ट्र के टॉप कॉलेजों (जैसे JBIMS) में दाखिले के लिए यह बेहद लोकप्रिय परीक्षा है। इसमें दूसरे राज्यों के छात्र भी सीमित सीटों पर भाग ले सकते हैं।

UPTAC/CUET PG: उत्तर प्रदेश के तकनीकी विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध कॉलेजों के लिए आयोजित की जाने वाली परीक्षा है।

TANCET (तमिलनाडु) AP ICET / TS ICET : बता दें कि TANCET तमिलनाडु और AP ICET / TS ICET आंध्र प्रदेश के स्टेट लेवल एग्जाम है। यह दोनों दक्षिण भारत के राज्यों के प्रसिद्ध विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए आयोजित की जाने वाली परीक्षाएं है।

यूनिवर्सिटी और संस्थान स्तर की परीक्षाएं

NMAT: यह परीक्षा GMAT की तर्ज पर होती है, जिसके जरिए NMIMS मुंबई और अन्य प्रमुख निजी विश्वविद्यालयों में प्रवेश मिलता है।

SNAP: सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के विभिन्न मैनेजमेंट प्रोग्राम्स में दाखिले के लिए स्नैप टेस्ट देना अनिवार्य होता है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article