देश

Cyclone Murasu: ओडिशा में चक्रवात का खतरा, 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; ये 8 ट्रेनें रद्द, पढ़ें पूरी लिस्ट

Cyclone Murasu: चक्रवाती तूफान मुरासु के चलते ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी में भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं, चक्रधरपुर डिवीजन में सुरक्षा संबंधी आधुनिकीकरण कार्यों के कारण 3 और 4 नवंबर को आठ ट्रेनें रद्द रहेंगी। यात्रियों को सफर से पहले ट्रेन का स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है।

Image

ओडिशा पर चक्रवात मुरासु का खतरा! 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट। ANI

Photo : ANI

Cyclone Murasu: ओडिशा में चक्रवाती तूफान मुरासु का असर दिखने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के दक्षिणी हिस्से के पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। चक्रवात के खतरे को देखते हुए रेलवे ने भी बड़ा फैसला लिया है। ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECoR) ने 3 और 4 नवंबर को चलने वाली आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया है। ऐसे में अगर आप इन तारीखों पर ओडिशा की ओर यात्रा करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें।

ओडिशा के इन 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD के सोमवार दोपहर जारी बुलेटिन के मुताबिक, 3 और 4 नवंबर को गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 4 नवंबर को कोरापुट और मलकानगिरी में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

इसके अलावा पुरी, खुर्दा और नयागढ़ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

उत्तरी ओडिशा के बालासोर, भद्रक, कटक, केंद्रापड़ा और मयूरभंज समेत कई जिलों में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर इनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

कहां टकराएगा चक्रवात मुरासु?

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार सुबह 8:30 बजे चक्रवात मुरासु पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। यह आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से लगभग 160 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में था और करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था।

आईएमडी के अनुसार, चक्रवात के सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के के बीच ओंगोल और नेल्लोर के बीच नरसापुर की ओर दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है। लैंडफॉल के दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि तेज झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए आईएमडी ने मछुआरों को सोमवार शाम से 4 नवंबर की दोपहर तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और दक्षिण ओडिशा के तटीय समुद्री क्षेत्र में न जाने की सलाह दी है।

दक्षिण ओडिशा के तट पर हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने की आशंका है।

आईएमडी भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती के मुताबिक, चक्रवात के कारण ओडिशा में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। हालांकि, इसके बाद बारिश में काफी कमी आने का अनुमान है। 5 और 6 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 8 नवंबर से पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

ओडिशा में 8 ट्रेनें रद्द, रेलवे ने जारी की लिस्ट

चक्रवात के बीच रेल यात्रियों के लिए भी जरूरी खबर है। ईस्ट कोस्ट रेलवे ने बताया है कि चक्रधरपुर डिवीजन में सुरक्षा संबंधी आधुनिकीकरण कार्यों के चलते 3 और 4 नवंबर को आठ ट्रेनें रद्द रहेंगी।

रद्द रहने वाली ट्रेनों की पूरी लिस्ट:

3 नवंबर

22861 हावड़ा–कांटाबांजी एक्सप्रेस

4 नवंबर

22862 कांटाबांजी–हावड़ा एक्सप्रेस

3 नवंबर

18107 राउरकेला–जगदलपुर एक्सप्रेस

4 नवंबर

18108 जगदलपुर–राउरकेला एक्सप्रेस

3 नवंबर

18125 राउरकेला–पुरी एक्सप्रेस

3 नवंबर

18126 पुरी–राउरकेला एक्सप्रेस

3 नवंबर

22839 राउरकेला–भुवनेश्वर एक्सप्रेस

3 नवंबर

22840 भुवनेश्वर–राउरकेला एक्सप्रेस

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें। इससे आखिरी वक्त में होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article