टाइम्स नाउ नवभारत के खास कार्यक्रम 'धुरंधर' में मैनेजिंग एडिटर अमीश देवगन ने 'ऑपरेशन रिजीम चेंज' को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। इस स्टिंग ऑपरेशन और खुलासे ने देश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। इसमें कई चेहरे बेनकाब हुए जो नेपाल और बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करने और अराजकता फैलाने की बात करते दिखे। कार्यक्रम के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई बड़े नेताओं और सांसदों के बीच तीखी बहस देखने को मिली।देखिए, Times Now नवभारत पर रिजीम चेंज को लेकर किसने क्या कहा...
बहस के दौरान भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने देश में सत्ता परिवर्तन की कोशिश को एक गहरी साजिश करार दिया। कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब वे लोकतांत्रिक तरीकों से सत्ता हासिल नहीं कर पा रहे हैं, तो अब देश में अराजकता फैलाने का षडयंत्र रच रहे हैं। उन्होंने इंदिरा गांधी के समय की इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कहा कि आज उन्हीं के वंशज भारत में फिर वैसी ही स्थिति पैदा करना चाहते हैं।
वहीं, बासुंरी स्वराज के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने चुनाव आयोग को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आयोग को हथियार बनाकर देश के साथ खेल खेला जा रहा है और इसके जरिए लोकतंत्र को तबाह किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब केवल एक 'कठपुतली' बनकर रह गया है।
बहस के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद यह देश के पहले ऐसे गृह मंत्री हैं जो 12-13 सालों से बैठकर यह गिन रहे हैं कि देश में कितने घुसपैठिए आए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी राजनीतिक दल जो लोकतंत्र में यकीन रखता है, वह हिंसा के रास्ते से सत्ता परिवर्तन का समर्थन नहीं कर सकता। साथ ही, उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूचियों से नाम काटे जाने के मामलों पर सवाल उठाए।
वहीं LJP (रामविलास)सांसद अरुण भारती ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान से चल रहा है, लेकिन विपक्ष बिना किसी ठोस सबूत के सिर्फ भ्रम फैलाकर देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहता है। जनता सब देख रही है कि कौन देश को विकास के रास्ते पर ले जाना चाहता है और कौन राजनीति कर रहा है।
बहस के दौरान निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी विपक्ष के सुर में सुर मिलाते नजर आए। उन्होंने सरकार और विपक्ष के बीच चल रहे आरोपों पर अपनी बात रखी। उन्होंने राहुल गांधी की लंबी पदयात्राओं (जैसे भारत जोड़ो यात्रा) का जिक्र करते हुए उनके संघर्ष को सराहा और लोकतंत्र को बचाने के लिए उठाए जा रहे कदमों का समर्थन किया।
वहीं, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने टाइम्स नाउ नवभारत के स्टिंग ऑपरेशन की सराहना करते हुए कहा कि यह अपने आप में यह बताने के लिए काफी है कि कुछ लोग देश में किस प्रकार संकट लाने की कोशिश कर रहे हैं। इनका उद्देश्य एसआईआर (SIR) को सुधारना नहीं, बल्कि देश की प्रगति को रोकना और अराजकता फैलाना है। उन्होंने तंज कसते हुए एक कविता की दो लाइन भी सुनाई। मनोज तिवारी ने कहा कि गिद्धों का झुंड नोचने तैयार खड़ा है, पर याद रहे देश का विश्वास बड़ा है।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने टाइम्स नाउ नवभारत के इस खुलासे की प्रशंसा करते हुए कहा कि विदेशी ताकतें, विदेशी पैसा और टूलकिट जैसी साजिशें यहां काम नहीं आएंगी। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनका अपना इतिहास संविधान की हत्या और चुनाव आयोग के दुरुपयोग का रहा है, वे आज देश को संविधान और लोकतंत्र का ज्ञान दे रहे हैं।
