एजुकेशन

UPTET 2026: परीक्षा में शामिल होने वाले सेवारत शिक्षकों को मिलेगा विशेष अवकाश, योगी सरकार का बड़ा फैसला

UPTET 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 में शामिल होने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यरत शिक्षकों को परीक्षा के दिन विशेष अवकाश (Special Leave) दिया जाएगा।

Image

योगी सरकार परीक्षा में शामिल होने वाले सेवारत शिक्षकों को देगी विशेष अवकाश (image- chatgpt)

UPTET 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के सेवारत शिक्षकों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने फैसला किया है कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 में शामिल होने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यरत शिक्षकों को परीक्षा के दिन विशेष अवकाश (Special Leave) दिया जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र शिक्षक अपनी सरकारी जिम्मेदारियों के कारण परीक्षा देने से वंचित न रहे।

2 से 4 जुलाई तक आयोजित होगी UPTET 2026

विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी द्वारा शिक्षा निदेशक (बेसिक) को जारी पत्र के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को UPTET 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा में बेसिक शिक्षा विभाग के बड़ी संख्या में कार्यरत शिक्षक भी अभ्यर्थी के रूप में शामिल होंगे।

इसी को ध्यान में रखते हुए शासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी पात्र सेवारत शिक्षकों को संबंधित परीक्षा दिवस पर विशेष अवकाश देने का निर्णय लिया है।

शिक्षा निदेशक को दिए गए आवश्यक निर्देश

शासन की ओर से शिक्षा निदेशक (बेसिक) को निर्देश दिए गए हैं कि इस आदेश का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसी भी पात्र शिक्षक को अवकाश प्राप्त करने में परेशानी न हो।

सभी जिलों को भेजा गया शासनादेश

सरकार ने इस संबंध में जारी शासनादेश की प्रति स्कूल शिक्षा महानिदेशक, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव तथा राज्य के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को भी भेज दी है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को समय पर विशेष अवकाश उपलब्ध कराया जाए और परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो।

शिक्षकों को मिलेगा सीधा लाभ

सरकार के इस फैसले से हजारों सेवारत शिक्षकों को राहत मिलेगी। अब वे विद्यालयी दायित्वों की चिंता किए बिना UPTET 2026 में शामिल हो सकेंगे। इससे शिक्षकों के व्यावसायिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था को अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाने के सरकार के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article