Bank Deposit Guarantee : बैंक में Fixed Deposit (FD) कराना आमतौर पर सुरक्षित निवेश माना जाता है। लेकिन मन में एक सवाल जरूर आता है कि अगर जिस बैंक में आपने अपनी जिंदगी की कमाई जमा की है, वही बैंक डूब जाए तो क्या आपका पूरा पैसा वापस मिलेगा?
मान लीजिए आपने दो अलग-अलग बैंकों में 5-5 लाख रुपये की FD कराई है और दुर्भाग्य से दोनों बैंक एक साथ डूब जाते हैं। ऐसी स्थिति में आपको कितना पैसा वापस मिलेगा? क्या सरकार दोनों बैंकों में जमा पूरी रकम की गारंटी देती है?
इसका जवाब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों और Deposit Insurance and Credit Guarantee Corporation (DICGC) की जमा बीमा योजना में छिपा है।
क्या पूरे 10 लाख मिलेंगे वापस?
भारत में बैंक जमाकर्ताओं के लिए DICGC की ओर से जमा बीमा की सुविधा दी जाती है। DICGC पूरी तरह भारतीय रिजर्व बैंक के स्वामित्व वाली संस्था है। इसके नियम के मुताबिक, किसी एक बैंक में एक जमाकर्ता की अधिकतम 5 लाख रुपये तक की जमा राशि का बीमा होता है।
यहां सबसे अहम बात यह है कि 5 लाख रुपये की बीमा सीमा प्रति बैंक (Per Bank) लागू होती है, न कि किसी व्यक्ति की सभी बैंकों में जमा कुल रकम पर। इसका मतलब है कि अगर आपने बैंक A में 5 लाख रुपये और बैंक B में भी 5 लाख रुपये की FD कराई है और दोनों बैंक डूब जाते हैं, तो दोनों बैंकों से अलग-अलग अधिकतम 5-5 लाख रुपये का बीमा कवर मिल सकता है। इस तरह आपको कुल 10 लाख रुपये तक वापस मिल सकते हैं।
क्या ब्याज भी 5 लाख रुपये के दायरे में
इस नियम में एक और अहम बात समझना जरूरी है। DICGC का 5 लाख रुपये का बीमा कवर सिर्फ मूलधन (Principal) पर नहीं, बल्कि मूलधन और उस पर मिलने वाले ब्याज (Interest), दोनों को मिलाकर होता है।
मिसाल के तौर पर आपने किसी बैंक में 4 लाख रुपये की FD कराई है। बैंक बंद होने के समय तक इस पर 1,25,000 रुपये का ब्याज भी बन चुका है। ऐसे में आपकी कुल जमा 5.25 लाख रुपये होगी, लेकिन DICGC से अधिकतम 5 लाख रुपये ही मिलेंगे।
एक ही बैंक में कई FD हैं तो क्या होगा?
मान लीजिए आपने एक ही बैंक की तीन अलग-अलग शाखाओं में 2-2 लाख रुपये की FD कराई है। इसके अलावा उसी बैंक में आपका सेविंग अकाउंट भी है। ऐसी स्थिति में यह नहीं माना जाएगा कि हर FD पर 5 लाख रुपये का अलग बीमा मिलेगा। DICGC एक ही बैंक में एक ही व्यक्ति के समान अधिकार और समान क्षमता (Same Right and Same Capacity) में रखी गई सभी जमा राशियों को जोड़कर बीमा सीमा तय करता है। इसमें सेविंग अकाउंट, करंट अकाउंट, FD और RD की रकम शामिल हो सकती है। यानी एक ही बैंक में अलग-अलग शाखाओं या खातों में पैसा रखने से बीमा कवर नहीं बढ़ता।
किन जमा पर नहीं मिलता बीमा?
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि DICGC का बीमा सभी तरह के वित्तीय संस्थानों में जमा रकम पर लागू नहीं होता। वाणिज्यिक बैंक, स्मॉल फाइनेंस बैंक, पेमेंट बैंक, रीजनल रूरल बैंक और योजना के तहत पंजीकृत सहकारी बैंक इसमें शामिल हैं। हालांकि, NBFC की FD, म्यूचुअल फंड, शेयर और बॉन्ड जैसी रकम इस बीमा के दायरे में नहीं आती। इसलिए FD कराने से पहले यह जरूर जांच लें कि आपका बैंक DICGC के तहत बीमाकृत है या नहीं। इसकी जानकारी DICGC की आधिकारिक वेबसाइट पर मिल सकती है।
