WhatsApp दुनियाभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाला इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। करोड़ों लोग हर दिन डेली रूटीन लाइफ के कई सारे कामों में इसका इस्तेमाल करते हैं। वॉट्सऐप अपने यूजर्स की सहूलियत और उन्हें नया एक्सपीरियंस देने के लिए समय-समय पर नए-नए अपडेट्स और फीचर्स लाती रहती है। अगर आपके फोन में भी वॉट्सऐप है तो आपके लिए काम की खबर है। वॉट्सऐप एक ऐसा फीचर लेकर आ गया है कि अब ग्रुप चलाने के लिए बार बार नया ग्रुप बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आपको बता दें कि वॉट्सऐप ने ग्रुप फीचर में एक बहुत ही बड़ा अपडेट दे दिया है। पहले एक WhatsApp ग्रुप में केवल 1024 लोग ही जुड़ सकते थे। नई लिमिट लागू होने के बाद अब एक ही ग्रुप में 1500 सदस्य शामिल हो सकेंगे। लेकिन अब इसके काफी ज्यादा बढ़ा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह सुविधा Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए जारी की जा रही है। कंपनी इसे धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचा रही है। ऐसे में हर किसी को यह फीचर एक साथ दिखाई दे, यह जरूरी नहीं है।
पहले से कहीं ज्यादा जुड़ सकेंगे लोग
अभी तक WhatsApp पर एक ग्रुप में अधिकतम 1024 लोगों को शामिल किया जा सकता था। अगर किसी ग्रुप में इससे ज्यादा लोगों को जोड़ने की जरूरत होती थी, तो एडमिन को दूसरा ग्रुप बनाना पड़ता था। खासकर स्कूल, कॉलेज, ऑफिस, बिजनेस और बड़ी कम्युनिटी से जुड़े ग्रुप में यह परेशानी ज्यादा देखने को मिलती थी। अब कंपनी ने इस सीमा को बढ़ाकर 1500 कर दिया है। इसका फायदा उन लोगों को मिलेगा जो बड़ी संख्या में लोगों के साथ एक ही ग्रुप में जुड़े रहना चाहते हैं।
इस नए फीचर के लिए यूजर्स को किसी खास सेटिंग में बदलाव करने की जरूरत नहीं है। यह सुविधा अपने आप रोलआउट की जा रही है। आने वाले समय में ज्यादा से ज्यादा Android और iPhone यूजर्स को इसका फायदा मिल सकता है।
WhatsApp ग्रुप में आए 4 नए काम के फीचर्स
ग्रुप में मेंबर्स की संख्या बढ़ाने के अलावा WhatsApp ने ग्रुप चैट को पहले से ज्यादा उपयोगी बनाने के लिए चार नए फीचर्स भी पेश किए हैं। इनकी मदद से जरूरी मैसेज ढूंढना और ग्रुप की बातचीत को समझना आसान हो सकता है।
जरूरी मैसेज को पिन करने की सुविधा
अब ग्रुप में किसी जरूरी मैसेज को सबसे ऊपर पिन करके रखा जा सकता है। इससे ग्रुप के सभी सदस्यों को महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से मिल जाएगी। बार-बार पुरानी चैट में जाकर मैसेज खोजने की परेशानी भी कम होगी।
ग्रुप में शेयर कर सकेंगे स्टेटस अपडेट
WhatsApp ने ग्रुप में स्टेटस अपडेट साझा करने का विकल्प भी दिया है। इसकी मदद से यूजर्स ग्रुप के दूसरे सदस्यों के साथ जरूरी जानकारी और अपडेट आसानी से शेयर कर सकेंगे।
मेंशन और रिप्लाई वाले मैसेज आसानी से मिलेंगे
बड़े ग्रुप में हर दिन बहुत सारे मैसेज आते हैं। ऐसे में कई बार जरूरी मैसेज नजरों से छूट जाते हैं। इस समस्या को कम करने के लिए WhatsApp ने मेंशन और रिप्लाई के आधार पर चैट देखने की सुविधा दी है। इससे यूजर्स उन मैसेज को आसानी से पहचान सकेंगे, जिनमें उन्हें टैग किया गया है या जिनका जवाब दिया गया है।
नए मेंबर्स देख सकेंगे पुरानी चैट
अब ग्रुप में शामिल होने वाले नए सदस्यों को पहले की बातचीत के कुछ जरूरी मैसेज भी दिखाए जा सकेंगे। इससे उन्हें ग्रुप में पहले क्या चर्चा हुई है और कौन-सी जानकारी महत्वपूर्ण है, यह समझने में आसानी होगी। यह सुविधा खासतौर पर बड़े WhatsApp ग्रुप और कम्युनिटी के लिए फायदेमंद हो सकती है।
बड़े WhatsApp ग्रुप चलाने वालों को होगा फायदा
WhatsApp के इन नए बदलावों से बड़े ग्रुप को संभालना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है। 1500 लोगों को एक ही ग्रुप में जोड़ने की सुविधा मिलने से अलग-अलग ग्रुप बनाने की जरूरत कम होगी। वहीं, नए चैट फीचर्स की मदद से जरूरी जानकारी को ढूंढना और बातचीत पर नजर रखना भी आसान बनेगा।
