School Closed Today on 2 September: उत्तराखंड उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए लखीमपुर खीरी में आज 2 सितंबर को कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। पानी भरने से आम लोगों की आवाजाही और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है। हालात को देखते हुए लखीमपुर खीरी में मंगलवार, 2 सितंबर को कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। लखीमपुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण तिवारी ने मौसम और जलभराव की स्थिति को देखते हुए यह आदेश जारी किया है। जिले में कक्षा 8 तक के स्कूल मंगलवार को बंद रहेंगे।
वाराणसी में भी हालात खराब
लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण वाराणसी में गंगा का पानी कई इलाकों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। वरुणा नदी के आसपास जलभराव से प्रभावित कुछ परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर राहत शिविरों में भेजा गया है। जलभराव इतना ज्यादा है कि कई जगह लोगों को आने-जाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। वाराणसी के मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर भी अंतिम संस्कार के लिए लोगों को छतों और आसपास की गलियों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चांद पर पहला कदम रखने वाले नील आर्मस्ट्रांग की पूरी कहानी, एक पायलट कैसे बना ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्री
लखीमपुर में ट्रेन सेवा भी प्रभावित
लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का पानी बढ़ने से रेल यातायात पर भी असर पड़ा है। भीरा और पलिया स्टेशनों के बीच पानी रिसने के कारण मेलानी-नानपारा रेलखंड पर करीब आधा दर्जन ट्रेनों को रोकना पड़ा है। उत्तर पूर्व रेलवे के अधिकारियों के अनुसार मेलानी, बिछिया और नानपारा के बीच ट्रेन सेवा अगले आदेश तक बंद रहेगी।
इसके अलावा यूपी के तीन जिलों भदोही, चंदौली और मिर्जापुर में 2 सितंबर के लिए अलर्ट जारी किया गया है। यहां कहीं आठवीं तो कहीं 12वीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में स्कूल बंद
लगातार हो रही भारी बारिश और सुरक्षा से जुड़े संभावित खतरों को देखते हुए, अल्मोड़ा जिला प्रशासन ने आज 2 सितंबर, 2026 को सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आधिकारिक आदेश दिया है। बता दें, उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने 2 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तेज बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, अचानक बाढ़, जलभराव और सड़कें बंद होने जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों की छुट्टी को लेकर भी जिला स्तर पर फैसले लिए जा रहे हैं। अभी केवल अल्मोड़ा में स्कूल बंद होने की खबर आई है। अगर आप भी उत्तराखंड से हैं, तो आपको स्कूल जाने से पहले स्कूल से संपर्क करने की जरूरत है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चंगेज खान कौन था? दुनिया के सबसे बड़े साम्राज्य के शासक का कैसे हुआ अंत?
