UPPSC LT Grade Teacher Result 2026: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने एलटी ग्रेड सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) मुख्य परीक्षा-2025 के वाणिज्य (Commerce) विषय का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने 1 सितंबर 2026 को इसकी आधिकारिक विज्ञप्ति जारी की। सफल अभ्यर्थियों की सूची आयोग की वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध करा दी गई है। मुख्य परीक्षा के आधार पर आयोग ने वाणिज्य विषय में कुल 58 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है। इनमें पुरुष शाखा की 35 रिक्तियों के सापेक्ष 35 अभ्यर्थी और महिला शाखा की 23 रिक्तियों के सापेक्ष 23 अभ्यर्थी शामिल हैं।
प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर आयोग ने 18 फरवरी 2026 को 887 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया था। इसके बाद वाणिज्य विषय की मुख्य परीक्षा 22 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई। आयोग ने कहा है कि परीक्षा के प्राप्तांक और श्रेणीवार कटऑफ अंक भी वेबसाइट पर जल्द अपलोड किए जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह परिणाम औपबंधिक (Provisional) है। सफल अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों और अन्य दस्तावेजों का मिलान एवं सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेज सही पाए जाने के बाद ही नियुक्ति के लिए उनकी संस्तुति भेजी जाएगी। दस्तावेज सत्यापन से संबंधित अलग विज्ञप्ति बाद में जारी की जाएगी।
डायरेक्ट लिंक से ऐसे करें रिजल्ट चेक
अभ्यर्थी अपना परिणाम चेक करने के लिए UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद Results/परिणाम सेक्शन में जाएं और Assistant Teacher Trained Graduate (Male/Female) Examination-2025 से संबंधित परिणाम लिंक खोलें। इसके बाद जारी की गई PDF में अपना रोल नंबर Ctrl+F की मदद से खोज सकते हैं।
30,619 अभ्यर्थियों ने दी थी प्रारंभिक परीक्षा
आयोग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, विज्ञापन संख्या A-5/E-1/2025, दिनांक 28 जुलाई 2025 के तहत एलटी ग्रेड सहायक अध्यापक भर्ती के लिए वाणिज्य विषय की प्रारंभिक परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी। इसमें कुल 30,619 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
