रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों पर लगातार छठी रात भीषण हवाई हमला किया। 12 घंटे से अधिक समय तक चले इस हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई,जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हमले में आवासीय इमारतों और रेलवे समेत नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
रूस ने सोमवार रात से मंगलवार तक कीव समेत यूक्रेन के कई क्षेत्रों को निशाना बनाया। हमले में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ बड़ी संख्या में ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। यूक्रेनी वायुसेना ने बताया कि इस हमले के दौरान रूस ने 218 ड्रोन और विभिन्न प्रकार की मिसाइलें दागीं। जेट इंजन वाले ड्रोन की वजह से इन्हें रोकना यूक्रेनी एयर डिफेंस के लिए और चुनौतीपूर्ण रहा।
कीव में रेलवे डिपो पर मिसाइल हमला
वहीं, हमले के दौरान कीव में रूसी बैलिस्टिक मिसाइल ने रेलवे डिपो और उससे जुड़े प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। इस हमले में छह रेलवे कर्मचारियों समेत कई लोगों की मौत हुई। यूक्रेन की सरकारी रेलवे कंपनी के प्रमुख ओलेक्सांद्र पर्त्सोव्स्की ने इसकी पुष्टि की। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि मृतकों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। कीव और आसपास के इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए करीब 350 आपातकालीन कर्मियों को तैनात किया गया।बच्चों समेत कई लोग घायल
हमले के दौरान तीन बच्चों समेत कई लोग घायल हुए। आवासीय इमारतों में आग लगने और मलबा गिरने के बाद बचाव दल ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। मंगलवार को यूक्रेन में नए स्कूल वर्ष की शुरुआत भी हुई, ऐसे समय में राजधानी पर लगातार हो रहे हमलों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
ओडेसा और दूसरे इलाकों में भी हमला
रूसी हमलों का असर कीव के अलावा ओडेसा और अन्य क्षेत्रों में भी पड़ा। ओडेसा क्षेत्र में नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा और एक व्यक्ति घायल हुआ। एक कपड़ा फैक्टरी में आग लग गई। रूस ने रोमानिया की सीमा के पास स्थित एक अंतरराष्ट्रीय फेरी क्रॉसिंग को भी निशाना बनाया।
रूस का दावा- सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना
रूस के रक्षा मंत्रालय ने हमले को 'बड़े पैमाने का हमला' बताया। मॉस्को का दावा है कि उसकी सेना ने सटीक मारक क्षमता वाले हथियारों और लंबी दूरी के ड्रोन से हथियार निर्माण एवं भंडारण केंद्रों और सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। यूक्रेन ने हालांकि हमलों में नागरिक इलाकों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी है।
रूस पर भी यूक्रेन का ड्रोन हमला
इस बीच रूस ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा ने रातभर में 516 यूक्रेनी ड्रोन को 18 रूसी क्षेत्रों, क्रीमिया और काला सागर के ऊपर मार गिराया। लेनिनग्राद क्षेत्र के उस्त-लुगा बंदरगाह में ड्रोन हमले के बाद आग लगने की सूचना मिली। उस्त-लुगा रूस के प्रमुख तेल और गैस निर्यात केंद्रों में से एक है।
युद्ध खत्म कराने की कोशिशों के बीच बढ़े हमले
कीव पर यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास ने कहा कि रूस जमीन पर अपेक्षित प्रगति नहीं कर पा रहा है और इसी वजह से हवाई हमलों के जरिए यूक्रेन के नागरिकों और उसके पश्चिमी समर्थकों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। वहीं, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हालिया बातचीत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से युद्ध समाप्त करने की अपील की है।
