एजुकेशन

Kashmir School Closed: कश्मीर घाटी में भीषण गर्मी का प्रकोप, 6 से 19 जुलाई तक बंद रहेंगे सभी स्कूल

Kashmir School Closed: कश्मीर घाटी में भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर द्वारा गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर की शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने भी सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।

Image

Kashmir School Closed (Photo AI)

Kashmir School Closed: जम्मू-कश्मीर के कश्मीर संभाग में लगातार बढ़ रहे तापमान, भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सरकार ने छात्रों को राहत देते हुए एक बड़ा फैसला लिया। स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर (DSEK) ने घाटी के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान किया है। आधिकारिक आदेश के अनुसार, हायर सेकेंडरी यानी 12वीं स्तर तक के सभी स्कूल में अवकाश की घोषणा की गई है। यह फैसला बच्चों की हेल्थ और भीषण गर्मी को देखते हुए लिया गया है।

कब से कब तक बंद रहेंगे स्कूल

स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर द्वारा दिए गए आधिकारिक आदेश के अनुसार, स्कूल 6 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक बंद रहेंगे। इसके बाद 20 जुलाई 2026 से स्कूलों में दोबारा नियमित रूप से कक्षाएं शुरू की जाएंगी।

माता-पिता और छात्रों की मांग पर लिया गया फैसला

पिछले कुछ दिनों से कश्मीर घाटी में सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों को बेहाल कर रखा है। चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी वजह से छात्र और उनके माता-पिता द्वारा लगातार सरकार से समय से पहले गर्मी की छुट्टियां (JK School Summer Vacation)घोषित करने की मांग की जा रही थी। लोगों की इस मांग और गर्मी के प्रकोप को देखते प्रशासन ने यह राहत भरा फैसला लिया है।

शिक्षा मंत्री ने की छात्रों से खास अपील

जम्मू-कश्मीर की शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस फैसले की जानकारी देते हुए छात्रों से एक अपील की है। उन्होंने कहा कि हमारे छात्र, शिक्षक और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा व सेहत हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस छुट्टियों के समय का उपयोग आराम करने, ज्ञानवर्धक किताबें पढ़ने और अपने परिवार के साथ अच्छा समय बिताने में करें। साथ ही, उन्होंने बच्चों को डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने और धूप में कम से कम निकलने की सलाह दी।

कश्मीर में भीषण गर्मी का प्रकोप

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार जून का महीना पिछले दो दशकों में सबसे गर्म दर्ज किया गया है। कश्मीर के कुपवाड़ा में अधिकतम तापमान 35.4°C और राजधानी श्रीनगर में 35.2°C तक जा पहुंच गया है, जो सामान्य से काफी अधिक है। मौसम विशेषज्ञों और डॉक्टरों ने आम जनता, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर के समय सीधी धूप से बचने की हिदायत दी है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, शरीर में पानी की कमी न होने दें और बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर में बाहर निकलें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article