HSSC CET Group C Exam 2025: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET)-2025 (ग्रुप-C) भर्ती परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए एक बड़ा अपडेट है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस संबंध में एक महत्वपूर्ण पोस्ट भी साझा की है। इस पोस्ट और आयोग द्वारा जारी किए गए आधिकारिक नोटिस के अनुसार, परीक्षा के दौरान जो अभ्यर्थी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया से चूक गए थे या अनुपस्थित रहे थे, उन्हें अपनी बायोमेट्री कराने का आखिरी मौका दिया जा रहा है। आइए इस प्रक्रिया से जुड़ी तारीखों, समय और जरूरी नियमों के बारे में जानें।
बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का पूरा शेड्यूल
आयोग ने अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों के लिए 03 जून 2026 से 05 जून 2026 तक का शेड्यूल जारी किया है, जो पहले की अनुपस्थिति अवधि के आधार पर तय किया गया है। वह शेड्यूल इस प्रकार है।
03 जून 2026 - वह उम्मीदवार जो पूर्व में 11.05.2026 से 16.05.2026 के बीच अनुपस्थित रहे थे।
04 जून 2026 - वह उम्मीदवार जो पूर्व में 18.05.2026 से 19.05.2026 के बीच अनुपस्थित रहे थे।
05 जून 2026 - वह उम्मीदवार जो पूर्व में 20.05.2026 से 22.05.2026 के बीच अनुपस्थित रहे थे।
वेरिफिकेशन का निर्धारित स्थान
सभी पात्र और अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए आयोग द्वारा निर्धारित किए गए स्थान ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-3, पंचकुला (Tau Devi Lal Stadium, Sector-3, Panchkula) पर पहुंचना होगा।
क्या है रिपोर्टिंग समय?
नोटिस में समय को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं। बायोमेट्रिक कैप्चरिंग के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 06:30 बजे तय किया गया है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि सुबह 10:00 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में एंट्री नहीं दी जाएगी। इसलिए उम्मीदवार समय से पहले पहुंचने की कोशिश करें।
साथ ले जाएं यह जरूरी दस्तावेज
स्टेडियम पहुंचने से पहले उम्मीदवार नीचे दिए गए जरूरी दस्तावेजों को अपने साथ रखना न भूलें -
- परीक्षा का एडमिट कार्ड
- कोई भी एक वैध सरकारी पहचान पत्र, जैसे वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट
इसके बाद नहीं मिलेगा कोई मौका
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने साफ तौर यह जानकारी भी दी है कि यदि कोई उम्मीदवार इस तय शेड्यूल के अनुसार उपस्थित नहीं होता है, तो उसे भविष्य में कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा, बोर्ड किसी भी अभ्यर्थी को व्यक्तिगत रूप से डाक या ईमेल के जरिए इसकी सूचना नहीं भेजेगा।
