देश

अहमदाबाद की IT कंपनी में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे लोग; 9 अस्पताल में भर्ती

गुजरात के अहमदाबाद स्थित थलतेज के मैग्नेट पार्क में फेडोरा IT कंपनी में देर रात भीषण आग लग गई। आग से बचने के लिए तीन लोगों ने बिल्डिंग से छलांग लगा दी, जबकि फायर ब्रिगेड की टीम ने छह लोगों का रेस्क्यू किया। घटना में कुल 9 लोगों को जायडस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है।

Image

गुजरात: ऑफिस में लगी आग तो मची भगदड़, तीन लोगों ने बिल्डिंग से लगाई छलांग; दो की हालत गंभीर।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

गुजरात के अहमदाबाद में देर रात एक आईटी कंपनी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। थलतेज स्थित मैग्नेट पार्क में फेडोरा कंपनी में आग लगने के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग से बचने के लिए कुछ लोगों ने बिल्डिंग से नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद कुल 9 लोगों को नजदीकी जायडस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, थलतेज के मैग्नेट पार्क स्थित फेडोरा कंपनी में देर रात अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण कंपनी में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से नीचे कूदते हुए भी नजर आए।

जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे लोग

आग लगने के दौरान तीन लोगों ने बिल्डिंग से नीचे छलांग लगा दी। वहीं, सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने मौके से छह लोगों का रेस्क्यू किया।

इस घटना में कुल 9 लोगों को नजदीकी जायडस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कंपनी में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना के बाद दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।

धुआं सहन नहीं होने पर लोगों ने लगाई छलांग

बिल्डिंग से लोगों के कूदने के वीडियो पर फायर ऑफिसर ने बताया कि दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही कुछ लोग नीचे कूद गए थे। अंदर धुआं इतना ज्यादा था कि लोगों के लिए सांस लेना और वहां रुकना मुश्किल हो गया था। इसी वजह से कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए छलांग लगाई। उन्होंने बताया कि छलांग लगाने से घायल हुए 3 लोगों को 108 एम्बुलेंस के जरिए जायडस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी वास्तविक स्थिति और चोटों की गंभीरता मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

आग लगने की वजह का FSL करेगी जांच

आग लगने के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चला है। शुरुआती स्तर पर इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की आशंका जताई जा रही है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि आग बेसमेंट से फैली थी। डिविजनल फायर ऑफिसर स्वास्तिक जडेजा ने बताया कि पुलिस विभाग की ओर से FSL की फायर इन्वेस्टिगेशन कराई जा रही है। FSL टीम जांच करेगी कि आग कहां से और किस वजह से लगी, साथ ही यह भी पता लगाएगी कि आग पूरी बिल्डिंग में कैसे फैली। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने और उसके फैलने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article