क्रिकेट

न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट से बाहर हुए पंत, सीधे पहले टेस्ट में टीम से जुड़ेंगे ऋषभ

ऋषभ पंत पहले फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए हैं। दूसरा टेस्ट 9 नवंबर को होगा और अगर पंत फिट होते हैं तो वह सीधे वेलिंगटन में टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे। पंत ने अपना आखिरी टेस्ट अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ खेला था।

Image

ऋषभ पंत (साभार-X)

विदेशी सरजमीं पर भारत के प्रमुख टेस्ट बल्लेबाजों में से एक ऋषभ पंत के सात से 10 नवंबर तक लिंकन में होने वाले भारत ए के तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेलने की संभावना नहीं है क्योंकि पिछले महीने श्रीनगर में ईरानी कप मैच के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव (साइड स्ट्रेन) की समस्या के बाद उन्हें अभी तक फिट घोषित नहीं किया गया है। पंत बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। मेजबान टीम के खिलाफ भारत ए के अनौपचारिक टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल होने से पहले उन्हें अनिवार्य फिटनेस परीक्षण पास करना होगा जिसमें वह अभी तक सफल नहीं हुए हैं।

पंत का अगला फिटनेस परीक्षण नौ नवंबर को होगा। ऐसे में उनके भारत ए की ओर से तीसरे टेस्ट मैच में खेलने की कोई संभावना नहीं है। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट शतक जड़ चुके 28 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज पंत के कुछ दिनों में दूसरा अनिवार्य फिटनेस परीक्षण पास करने पर सीधे वेलिंगटन में टीम से जुड़ने की संभावना है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ’’पंत के न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेलने की संभावना बहुत कम है।

टीम प्रबंधन उन्हें उबरने के लिए कुछ और दिन देना चाहेगा जिससे कि वह टेस्ट शृंखला के लिए टीम से जुड़ सकें और वेलिंगटन में अभ्यास कर सकें। दूसरे फिटनेस टेस्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।’’ पंत ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अगस्त 2026 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। उस मुकाबले में उन्होंने 89 गेंद में 63 रन की पारी खेली थी।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए अहम है सीरीज

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने के लिहाज से भारत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज अहम है। पहला टेस्ट वेलिंगटन में 19 नवंबर से होगा जबकि दूसरा टेस्ट ओवल में 27 नवंबर से होगा। फिलहाल भारतीय टीम WTC प्वाइंट टेबल में चौथे पायदान पर है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article