भारत देश में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। किसी भी परीक्षा का पेपर लीक होना केवल एक प्रशासनिक गलती नहीं मानी जाती बल्कि यह लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य और विश्वास पर सीधा असर डालता है। जब पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं, तो छात्रों के मन में गुस्सा, डर, निराशा और असुरक्षा जैसी भावनाएं पैदा होती हैं। हाल ही में पेपर लीक के चलते नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई नीट यूजी (NEET-UG) 2026 परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया है। यही कारण है कि अधिकतर छात्रों, अभिभावकों व शिक्षकों का सवाल है कि क्या ऑनलाइन परीक्षा ही इस समस्या का सबसे बड़ा समाधान है या फिर दुनिया में ऐसे अन्य मॉडल भी मौजूद हैं जिनसे पेपर लीक को रोका जा सकता है। यहां आप अपने इन सभी सवालों का जवाब जान सकते हैं।
क्या ऑनलाइन एग्जाम ही समाधान है
बता दें ऑनलाइन परीक्षा को आधुनिक और सुरक्षित विकल्प माना जाता है। वहीं कंप्यूटर आधारित परीक्षा में प्रश्नपत्र डिजिटल रूप में होता है, इसलिए पारंपरिक तरीके से पेपर छापने, ट्रांसपोर्ट करने और सेंटर तक पहुंचाने की जरूरत कम हो जाती है। इससे प्रश्नपत्र लीक होने का खतरा काफी कम हो जाता है। ऑनलाइन एग्जाम में प्रश्नों को एक बड़े डिजिटल प्रश्न बैंक से चुना जाता है और हर छात्र को अलग क्रम में सवाल मिल सकते हैं। इससे नकल और पेपर लीक दोनों को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। हालांकि केवल ऑनलाइन परीक्षा ही इसका समाधान मान लेना सही नहीं है, क्योंकि यदि किसी देश की डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है, तो साइसबर हमलों या हैकिंग के जरिए सिस्टम को हैक भी किया जा सकता है या तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है। यहां आप जान सकते हैं कि पेपर लीक को रोकने के लिए दुनियाभर में क्या विकल्प अपनाए जाते हैं।
अमोरिका और यूरोप में कैसे होती है परीक्षा
अमेरिका और यूरोप में कॉम्पिटेटिव एग्जाम की बात करें तो यहां रैंडम क्वेश्चन बैंक सिस्टम का उपयोग किया जाता है। इसमें हजारों प्रश्नों का डिजिटल बैंक तैयार किया जाता है और परीक्षा शुरू होते ही कंप्यूटर अपने आप प्रश्न चुनता है। यहां हर छात्र का प्रश्नपत्र अलग होता है। इससे पेपर लीक होने की संभावना कम हो जाती है।
एन्क्रिप्टेड डिजिटल डिलीवरी सिस्टम का प्रयोग
इसके अलावा दक्षिण कोरिया, चीन और कई यूरोपीय देशों में एन्क्रिप्टेड डिजिटल डिलीवरी सिस्टम का उपयोग किया जाता है। इस व्यवस्था में प्रश्नत्र को विशेष डिजिटल कोडिंग तकनीक से सुरक्षित रखा जाता है। साथ ही एग्जाम हॉल में पहुंचने के बाद एक कोड के जरिए कंप्यूटर पर पेपर डाउनलोड होता है। यदि कोई व्यक्ति बीच में डेटा चुराने की कोशिश करता है तो सिस्टम तुरंत अलर्ट भेज देता है।
चीन में कैसे होती है परीक्षा
चीन जैसी बड़ी परीक्षा प्रणाली वाले देशों में परीक्षा केंद्रों पर अत्यधिक सुरक्षा व्यवस्था रखी जाती है। कहा जाता है कि दुनिया की सबसे कठिन परीक्षा गाओकाओ परीक्षा के प्रश्नपत्रों की सुरक्षा किसी सैन्य अभियान से कम नहीं होती। प्रश्नपत्रों को तैयार करने वाले विशेषज्ञों को कई दिनों तक एक सुरक्षित परिसर जैसे मिलिट्री कैंप में रखा जाता है, जहां बाहरी दुनिया से उनका संपर्क पूरी तरह खत्म कर दिया जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कई बार गाओकाओ एग्जाम के लिए क्वेश्चन पेपर जेल में बनाए जाते हैं, क्योंकि वहां मोबाइल फोन, इंटरनेट और बाहरी संपर्क पर पूरी तरह रोक रहती है। प्रश्नपत्र तैयार होने के बाद इसे विशेष सुरक्षा बॉक्स में सील किया जाता है। इस बॉक्स को केवल संबंधित अधिकारी ही खोल सकते हैं। हर गतिविधि पर कैमरों से नजर रखी जाती है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार मॉनिटरिंग करती हैं। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर ड्रोन से निगरानी की जाती है ताकि किसी भी तरह की नकल या संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
जापान और सिंगापुर में कैसे होती है परीक्षा
जापान और सिंगापुर जैसे देशों में भी परीक्षा प्रक्रिया को अत्यधिक गोपनीय रखा जाता है। प्रश्नपत्र तैयार करने वाले विशेषज्ञों की पहचान सीमित लोगों तक ही रखी जाती है। यहां पेपर सेट करने वाले लोग कई दिनों तक सुरक्षित निगरानी क्षेत्र में रहते हैं। साथ ही डेटा एक्सेस करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का डिजिटल रिकॉर्ड बनाया जाता है। इससे यह पता लगाना आसान हो जाता है कि यदि कोई जानकारी बाहर गई तो वह किस स्तर से लीक हुई। इसके अलावा परीक्षा केंद्र के बाहर बायोमेट्रिक पहचान, फेस स्कैनिंग, मेटल डिटेक्टर, सिग्नल जैमर और AI कैमरों का उपयोग किया जाता है।
ऐसे मिल सकती है पेपर लीक समस्या से छुट्टी
बता दें भारत में भी लगातार आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ रहा है। कई बड़ी परीक्षाएं अब कंप्यूटर आधारित हो चुकी हैं। CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक, लाइव मॉनिटरिंग और डिजिटल ट्रैकिंग जैसी व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि केवल तकनीक पर्याप्त नहीं है। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जिम्मेदारी और भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई भी उतनी ही जरूरी है। साथ ही ऑनलाइन परीक्षा, मजबूत साइबर सुरक्षा, AI से निगरानी, सुरक्षित डेटा प्रबंधन और सख्त कानूनी व्यवस्था पेपर लीक जैसी समस्याओं का निपटारा कर सकती है।
कब होगी नीट यूजी की परीक्षा
बता दें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 री एग्जाम की तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा 21 जून को आयोजित (NEET UG Re Exam Date) की जाएगी। इस बात की जानकारी एनटीए ने ट्वीट कर दी है। जारी ट्वीट में कहा गया है कि भारत सरकार की स्वीकृति से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून 2026, रविवार को एनईटी (यूजी) परीक्षा का पुनर्नियोजन निर्धारित (NEET Re Exam Date) किया है। उम्मीदवारों और अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।
