दो टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मुकाबला जीतकर भारत ने 1-0 से बढ़त बना ली है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 165 रन से मुकाबला जीता। दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो में खेला जा रहा है।
दूसरे टेस्ट मैच में भी भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने भारत को धीमी शुरुआत की। केएल राहुल 18 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जायसवाल ने 45 रन का योगदान दिया।
66 के स्कोर पर दो विकेट गंवाने के बाद कप्तान गिल नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे। गिल ने जैसे ही 7 रन पूरे किए। उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह टेस्ट क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने वाले भारत के चौथे सबसे युवा बल्लेबाज बने।
26 साल 349 दिन में गिल ने यह कीर्तिमान हासिल किया। इसके साथ ही कपिल देव को पीछे छोड़ दिया। कपिल देव ने 26 साल 356 दिन में 3000 हजार पूरे किए थे। गिल अब पूर्व कप्तान से आगे निकल गए हैं।
गिल टेस्ट में 3000 रन पूरे करने वाले 28वें खिलाड़ी बने। साथ ही चौथे भारतीय युवा खिलाड़ी बने। इस लिस्ट में सबसे ऊपर सचिन तेंदुलकर का नाम दर्ज है। मास्टर-ब्लास्टर ने 23 साल 228 दिन में 3000 टेस्ट रन पूरे किए थे। 26 साल 157 दिन में वीरेंद्र सहवाग ने यह कमाल किया था। तीसरे नंबर पर काबिज दिलीप वेंगसकर ने 26 साल 263 दिन में यह इतिहास रचा था।
कोलंबो टेस्ट के दौरान गिल ने अपना 9वां अर्धशतक पूरा किया। वह 108 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल के साथ तीसरे विकेट के लिए 209 गेंद पर 120 रन की साझेदारी की। इसकी बदौलत भारतीय टीम ने वापसी की।
शुभमन गिल ने साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट से अपने करियर की शुरुआत की थी। गिल ने करियर की शुरुआत में ओपनर के तौर की थी। इसके बाद नंबर-3 पर खेलने लगे। कप्तान बनने के बाद वह चौथे नंबर पर आने लगे। कप्तान बनने से पहले शुभमन गिल ने 32 टेस्ट की 59 पारियों में 1893 रन बनाए। उनका औसत 35.05 का रहा। कप्तान बनने के बाद टेस्ट में उनका औसत 75 का है और 18 पारियों में 1100 से ज्यादा रन बना चुके हैं। गेल के नाम टेस्ट में 11 शतक और 9 फिफ्टी दर्ज है।