गुजरात के वलसाड जिले से एक ऐसा अजीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां पर कुछ लोग एक ज्वेलरी की दुकान में चोरी करने पहुंचे थे लेकिन उनकी पूरी प्लानिंग उस समय उलटी पड़ गई, जब वे दुकान के अंदर ही फंस गए। हालात ऐसे बने कि आखिरकार उन्हें उसी पुलिस को फोन करना पड़ा, जिससे वे बचना चाहते थे। घटना रात के समय की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों को ज्वेलरी की दुकान के अंदर कुछ संदिग्ध लगा। उन्हें शक हुआ कि दुकान में चोरी करने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद लोगों ने आरोपियों का सीधे सामना करने के बजाय एक अलग तरीका अपनाया।
ज्वेलरी शॉप में चोरी करने घुसे चोर खुद ही फंसे
दरअसल, स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर बाहर से गिरा दिया। शटर बंद होते ही अंदर मौजूद चोर दुकान में ही फंस गए। उनके लिए बाहर निकलने का कोई आसान रास्ता नहीं बचा था। अब यहां से मामला और भी दिलचस्प हो गया। जो लोग चोरी करने के लिए दुकान में घुसे थे, वे खुद ही वहां से निकलने के लिए परेशान हो गए। जब उन्हें कोई रास्ता नहीं सुझा तो उन्होंने पुलिस को फोन कर दिया। उन्होंने पुलिस से दुकान का शटर खुलवाने और उन्हें बाहर निकालने में मदद मांगी।
बाहर निकलने के लिए पुलिस को किया फोन
पुलिस को जैसे ही इस मामले की जानकारी मिली, अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद दुकान का शटर खोला गया लेकिन आरोपियों के लिए यह मदद ज्यादा देर तक काम नहीं आई। शटर खुलते ही पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया। यानी जिन पुलिसवालों से बचने के लिए वे चोरी करने के बाद भागना चाहते थे, आखिर में उन्हीं पुलिसवालों की मदद से वे दुकान से बाहर निकले और फिर पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस घटना का वीडियो (Video) भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपियों को ज्वेलरी की दुकान से बाहर लाते हुए नजर आ रहे हैं। आरोपियों के सिर झुके हुए दिखाई देते हैं और पुलिस उन्हें पकड़कर बाहर ले जाती नजर आती है। घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस पूरे मामले पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि चोरों की प्लानिंग कितनी अजीबोगरीब तरीके से फेल हुई। चोरी करने दुकान में पहुंचे, लेकिन खुद ही उसी दुकान में बंद हो गए और बाहर निकलने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा।
आमतौर पर चोर पुलिस से बचने की कोशिश करते हैं। लेकिन इस मामले में कहानी बिल्कुल उलटी दिखाई दी। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से जुड़े अन्य विवरण और आरोपियों की पहचान की जानकारी का इंतजार है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया (Social Media) पर इसलिए चर्चा में है, क्योंकि चोरी की प्लानिंग का अंत बेहद अलग और हैरान करने वाले तरीके से हुआ।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
