एजुकेशन

CBSE रिवैल्यूएशन का IIT एडमिशन पर होगा बड़ा असर! बढ़े या घटे 12वीं के नंबर, बदल सकती है सीट की किस्मत

CBSE Revaluation की प्रक्रिया अभी तक शुरू नही हुई है और दूसरी तरफ JoSAA रजिस्ट्रेशन 2 जून से शुरू होने वाला है। ऐसे में 12वीं के घटे-बढ़ें अंकों का छात्रों की सीट पर असर होगा।

Image

CBSE

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) कक्षा 12वीं के परिणामों के बाद अब उन छात्र-छात्राओं के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण खबर सामने आई है, जिन्होंने JEE Advanced 2026 की परीक्षा पास की है और देश के प्रतिष्ठित IIT संस्थानों में दाखिला लेने का सपना देख रहे हैं। दरअसल, 12वीं के अंकों में रिवैल्यूएशन के बाद होने वाला कोई भी छोटा या बड़ा बदलाव सीधे तौर पर IIT में प्रवेश की पात्रता और सीटों के आवंटन को प्रभावित कर सकता है।

काउंसलिंग और रिवैल्यूएशन के बीच फंसा पेंच

इस साल छात्रों के सामने एक बड़ी असमंजस की स्थिति बन हुई है। एक तरफ जहां CBSE का रिवैल्यूएशन (CBSE Revaluation) पोर्टल 1 जून से खुलना था, लेकिन वह भी समय पर शुरू नहीं हो सका है। वहीं दूसरी ओर IIT और NIT जैसे तकनीकी संस्थानों में एडमिशन के लिए JoSAA की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 2 जून से शुरू होने जा रही है। ऐसे में हजारों छात्र संशोधित अंकों और काउंसलिंग को लेकर परेशान नजर आ रहे है।

IIT में दाखिले के लिए 12वीं की अनिवार्य शर्तें

भले ही IIT में प्रवेश पूरी तरह से JEE Advanced की रैंक के आधार पर तय होता है, लेकिन इसके साथ ही उम्मीदवारों को 12वीं कक्षा की निम्नलिखित पात्रता शर्तों को पूरा करना भी अनिवार्य होता है। जो इस प्रकार है -

- छात्रों का फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स (PCM) के साथ कम से कम पांच विषयों में पास होना अनिवार्य है।

- सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 12वीं में न्यूनतम 75% अंक या अपने बोर्ड के टॉप-20 पर्सेंटाइल में होना जरूरी है।

- एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के छात्रों के लिए न्यूनतम 65% अंक की शर्त लागू होती है।

नंबर घटने या बढ़ने पर क्या है JoSAA के नियम?

JoSAA के कड़े नियमों के मुताबिक, रिवैल्यूएशन के नतीजों का असर छात्रों की सीट पर दो तरह से पड़ सकता है। पहला, यदि रिवैल्यूएशन के बाद छात्र के अंक कम हो जाते हैं और वह न्यूनतम पात्रता (75% या 65%) की शर्त से बाहर हो जाता है, तो डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन या एडमिशन के किसी भी चरण में उसकी आवंटित सीट तुरंत रद्द कर दी जाएगी। दूसरा, यदि रिवैल्यूएशन के बाद छात्र के अंक बढ़ जाते हैं और वह पात्रता सूची में शामिल हो जाता है, तो उसे IIT में प्रवेश का पूरा अवसर दिया जाएगा।

नंबर बदलने पर छात्र क्या करें?

जिन छात्रों के अंक रिवैल्यूएशन के बाद बदलते हैं, उन्हें बिना समय गंवाए खुद आगे आकर कार्रवाई करनी होगी। इस वर्ष काउंसलिंग का आयोजन कर रहे संस्थान IIT रुड़की को छात्रों को अपनी संशोधित मार्कशीट या पासिंग सर्टिफिकेट ईमेल आईडी josaa@iitr.ac.in पर भेजना होगा। इसके लिए अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। यदि उम्मीदवार ने समय पर JoSAA में चॉइस फिलिंग की होगी, तो उसे अगले राउंड में शामिल किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे छात्रों के लिए एक अतिरिक्त सीट (सुपरन्यूमेरेरी सीट) भी बनाई जा सकती है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article