CBSE 12th Supplementary Exam 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने साल 2026 की कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लेकिन इस प्रक्रिया के लिए छात्र खुद से आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकते हैं। यह प्रक्रिया स्कूलों द्वारा पूरी की जाएगी। बता दें कि बोर्ड की ओर से 30 जून 2026 से 'लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स' (LOC) जमा करने का काम भी शुरू हो चुका है। यह प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जा रही है, जिसे सभी संबद्ध स्कूलों को सीबीएसई के आधिकारिक 'परीक्षा संगम' (Pariksha Sangam) पोर्टल पर जाकर पूरा करना होगा। आइए आपको सप्लीमेंट्री परीक्षा के नियम और अंतिम तिथि से संबंधित अधिक जानकारी दें।
रेगुलर छात्र खुद नहीं कर सकेंगे आवेदन
सीबीएसई ने इस बार नियमों को लेकर स्पष्टता देते हुए बताया है कि, नियमित यानी रेगुलर छात्र सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए सीधे या खुद से ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर सकते। सप्लीमेंट्री परीक्षा में बैठने के योग्य छात्रों को अपने स्कूल से संपर्क करना होगा। क्योंकि आवेदन की यह प्रक्रिया स्कूलों द्वारा संपन्न कराई जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UPTET 2026 परीक्षा पास करने के लिए कितने अंक चाहिए, क्या है एग्जाम की मार्किंग स्कीम
सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों का नाम भेजने की लास्ट डेट
स्कूलों द्वारा सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए योग्य छात्रों के नाम ऑनलाइन भेजने की अंतिम तिथि 8 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। बोर्ड ने स्कूलों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे छात्रों के आने का इंतजार न करें, बल्कि खुद योग्य विद्यार्थियों से संपर्क करें ताकि कोई भी इस मौके से चूक न जाए। यदि तय समय सीमा के भीतर किसी छात्र का नाम एलओसी (LOC) में नहीं जाता है, तो वह इस साल आयोजित होने वाली सप्लीमेंट्री परीक्षा में नहीं बैठ सकेगा।
परीक्षा की तारीख
बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, सीबीएसई 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा का आयोजन 28 जुलाई 2026 को किया जाएगा।
तीन श्रेणी में माना जाएगा छात्रों को परीक्षा के लिए योग्य
इस परीक्षा में भाग लेने के लिए तीन श्रेणियों के छात्रों को पात्र माना गया है, जो इस प्रकार है -
कंपार्टमेंट श्रेणी: 2026 की मुख्य परीक्षा में किसी एक विषय में 'कंपार्टमेंट' प्राप्त करने वाले छात्र, जो अपना पहला प्रयास देने जा रहे हैं।
विषय बदलने वाले छात्र: मुख्य परीक्षा में छह विषयों के साथ बैठने वाले वे छात्र जो विषय बदलने के बाद पास तो हो गए, लेकिन किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण रह गए हैं। वे इंप्रूवमेंट के लिए परीक्षा दे सकते हैं।
अंक सुधारने वाले छात्र: वे छात्र जो बोर्ड परीक्षा पूरी तरह पास कर चुके हैं, लेकिन किसी एक विषय में अपने नंबरों को लेकर संतुष्ट नहीं है और बेहतर करना चाहते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -BPSC Success Story: ब्रेकअप के दर्द को बनाई अपनी ताकत, दिन-रात मेहनत कर पहले एटेम्पट में पास की बीपीएससी परीक्षा, बने अधिकारी
जो छात्र अपना तीसरा कंपार्टमेंट चांस देने जा रहे हैं, वे स्कूल के माध्यम से आवेदन नहीं कर सकते। उन्हें 'प्राइवेट कैंडिडेट' (Private Candidate) के रूप में स्वतंत्र रूप से फॉर्म भरना होगा, जिसके लिए बोर्ड द्वारा अलग से नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है। बता दें कि यह सभी नियम किसी भी एक विषय पर ही लागू होते हैं।
कंपार्टमेंट और इम्प्रूवमेंट परीक्षा के मुख्य नियम
एक विषय की सीमा: यदि कोई नियमित छात्र पांच विषयों के साथ परीक्षा में बैठा था और एक में कंपार्टमेंट आया है, तो वह केवल उसी विषय की परीक्षा दे पाएगा।
छह विषय का नियम: यदि किसी छात्र के पास छह विषय थे और वह दो विषयों में असफल रहा, तो वह उन दोनों में से अपनी पसंद के किसी भी एक विषय को चुनकर सप्लीमेंट्री परीक्षा में बैठ सकता है।
इंप्रूवमेंट: मुख्य परीक्षा पास कर चुके छात्र केवल उसी एक विषय में सुधार परीक्षा दे सकते हैं, जिसकी अनुमति सीबीएसई द्वारा दी गई हो और जिसकी परीक्षा आयोजित की जा रही हो।
