NEET UG 2022 Exam: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा, NEET UG 2022 की परीक्षा कल, 17 जुलाई, 2022 को आयोजित होने वाली है। शीर्ष चिकित्सा संस्थानों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में MBBS या BDS की सीट हासिल करने के लिए 18 लाख से अधिक छात्र भारत की इस प्रवेश परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। NEET 2022 का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी NTA के द्वारा किया जाएगा।
NTA ने NEET 2022 परीक्षा के लिए उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों के लिए एक एडवाइजरी जारी कर दी है। एनटीए ने यह एडवाइजरी आधिकारिक वेबसाइट - neet.nta.nic.in पर एक नोटिस जारी करते हुए की है। एजेंसी ने नीट यूजी परीक्षा के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा से जुड़े जरूरी दिशानिर्देशों के बारे में जानकारी दी है। आधिकारिक वेबसाइट के साथ ही टाइम्स नाउ नवभारत पर भी छात्र इस एडवाइजरी को पढ़ व समझ सकते हैं।
NTA पहले ही जारी कर चुका है एडमिट कार्ड
NTA ने पहले ही 12 जुलाई, 2022 को उम्मीदवारों के लिए NEET UG 2022 के एडमिट कार्ड neet.nta.nic.in पर जारी कर दिए हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने एडमिट कार्ड पहले से डाउनलोड कर लें और इसका एक प्रिंटआउट अपने साथ अपने परीक्षा केंद्रों पर ले जाएं। परीक्षा के दिन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची इस प्रकार है-
NEET UG 2022- क्या ले जा सकते हैं?
- उम्मीदवारों को एक व्यक्तिगत पानी की बोतल ले जाने की अनुमति है, जो पारदर्शी होनी चाहिए।
- एक पासपोर्ट आकार का फोटो या अतिरिक्त फोटो
- हैंड सैनिटाइज़र की 50 मिली की बोतल
- सेल्फ डिक्लेयरेशन और अंडरटेकिंग फॉर्म के साथ NEET UG 2022 एडमिट कार्ड।
- परीक्षा में लिखने के लिए नीला या काला बॉलपॉइंट पेन
NEET UG 2022 - क्या नहीं ले जा सकते?
- मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, माइक्रोफोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच आदि जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की अनुमति नहीं है।
- परीक्षा हॉल में प्रवेश पत्र के अलावा किसी भी प्रकार का पेपर ले जाने की अनुमति नहीं है
- परीक्षा हॉल में कुछ भी खाने की अनुमति नहीं है।
- उम्मीदवारों को नीट 2022 के दिन परीक्षा हॉल में भारी गहने, गहने, महंगे सामान न पहनने की सलाह दी जाती है।
बता दें कि NTA द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, उम्मीदवारों को COVID-19 सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए जैसे कि फेस मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाए रखना और संबंधित परीक्षा केंद्रों पर लागू होने वाले किसी भी अन्य दिशानिर्देश। नीट 2022 की परीक्षा कल, 17 जुलाई 2022 को 2 घंटे 20 मिनट के लिए आयोजित की जाएगी।

