Uttarakhand Class 10th 12th Free Tablet Scheme: उत्तराखंड में पढ़ रहे 10वीं 12वीं के छात्रों के लिए बड़ी (Uttarakhand Free Tablet Yojana) खुशखबरी है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं 12वीं के छात्रों को टैबलेट उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इसके लिए छात्रों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से धनराशि डाली जाएगी। मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित ’मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में राज्यभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं से संवाद के दौरान यह घोषणा की और कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों के विचारों, सुझावों और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर उनके विजन को जाना और कहा कि युवाओं से प्राप्त उपयोगी व व्यावहारिक सुझावों को राज्य सरकार की योजनाओं तथा नीति-निर्धारण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान उत्कृष्ट विचार प्रस्तुत करने वाले छात्रों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन
मुख्यमंत्री ने चयनित सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए बताया कि ’मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान में प्रदेश के दो लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध, विचार व सुझाव साझा किए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में छात्रों की भागीदारी दर्शाती है कि उत्तराखंड के युवा अपने राज्य के भविष्य और विकास को लेकर जागरूक और गंभीर हैं।
छात्रों के सुझावों पर जोर
धामी ने कहा कि अभियान के माध्यम से छात्रों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, वन एवं पर्यावरण, खेल, पलायन, स्वरोजगार, स्टार्टअप तथा गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच और नवाचार विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इनपुट- भाषा
