क्राइम

26/11 आतंकी अबू जुंदाल को बड़ा झटका: बॉम्बे हाईकोर्ट ने सत्र न्यायालय का आदेश रद्द किया, ट्रायल का रास्ता हुआ साफ

मुंबई हमले के आतंकी अबू जुंदाल को बॉम्बे हाईकोर्ट से करारा झटका लगा है। अदालत ने सत्र न्यायालय के उस आदेश को रद्द कर दिया है जिसमें उसे यह जांचने की अनुमति दी गई थी कि जुंदाल को भारत कैसे लाया गया था। हाईकोर्ट ने कहा कि ऐसी जांचें न्यायिक प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से धीमा करती हैं, जिससे मुकदमे की प्रगति पर असर पड़ता है।

Image

मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड जंदल को कागजात मुहैया कराने के खिलाफ याचिका मंजूर (फोटो- AP)

मुंबई और पुणे में 26/11 आतंकी हमले का मास्टरमाइंड अबू जुंदाल को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने सत्र न्यायालय के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें उसे विदेश से अवैध तरीके से भारत लाए जाने की जांच की अनुमति दी गई थी। अबू जुंदाल को 26/11 के आतंकवादी हमले का मुख्य योजनाकार माना जाता है। उसने ही अजमल कसाब और अन्य आतंकियों को मुंबई लहजे की हिंदी सिखाई थी और मुंबई के भौगौलिक क्षेत्र से परिचित कराया था। हमले के दौरान वह पाकिस्तान से सैटेलाइट फोन के जरिए सभी आतंकियों को निर्देश दे रहा था।

दिल्ली एयरपोर्ट से हुई थी गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अबू जुंदाल को दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया और पुलिस हिरासत में पूछताछ की अनुमति मिली। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया ताकि 26/11 हमले की जांच आगे बढ़ाई जा सके।

जुंदाल का दावा-सऊदी अरब से उठाया गया

अबू जुंदाल ने सत्र न्यायालय में एक आवेदन दायर कर दावा किया था कि उसे दिल्ली पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारियों ने सऊदी अरब से अवैध रूप से उठाया था। उसका कहना था कि दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तारी की कहानी पूरी तरह झूठी है। अबू जुंदाल की दलीलों को मानते हुए सत्र न्यायालय ने विदेश मंत्रालय, मुंबई पुलिस और जेट एयरवेज को आदेश दिया था कि वे उससे जुड़ी जानकारियां मुहैया कराएं। सत्र न्यायालय के आदेश को विदेश मंत्रालय, महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस ने चुनौती दी। केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बॉम्बे हाईकोर्ट में पैरवी की और कहा कि यह आदेश जांच प्रक्रिया में गंभीर बाधा उत्पन्न करेगा।

हाईकोर्ट का फैसला, अबू को लगा झटका

लंबी सुनवाई के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने आज विस्तृत फैसला सुनाते हुए सत्र न्यायालय का आदेश रद्द कर दिया। अदालत ने कहा कि इस तरह के निर्देश जांच और ट्रायल में अनावश्यक देरी पैदा करते हैं। इसके साथ ही अब 26/11 आतंकी हमले से जुड़े मुकदमे की सुनवाई आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद मुंबई में 26/11 हमले से जुड़े मुकदमे की नियमित सुनवाई शुरू हो सकेगी। सुरक्षा एजेंसियों ने उम्मीद जताई है कि अब इस लंबे समय से लंबित मामले में न्यायिक प्रक्रिया तेज गति से आगे बढ़ेगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article