Noida News: नोएडा से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। थाना फेस-3 क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव में एक पिता पर अपने पांच वर्षीय बेटे की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
गुस्से में की अपने बेटे की पिटाई
पुलिस के अनुसार, गढ़ी चौखंडी गांव में विकास अपनी पत्नी और पांच वर्षीय बेटे आकाश के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि रविवार को किसी बात को लेकर विकास और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने अपने मासूम बेटे की कथित रूप से जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के दौरान आकाश ने तोड़ा दम
बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए एसआरएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, उपचार के दौरान आकाश ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी के तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही पुलिस
थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि बच्चे की मां की शिकायत के आधार पर उसके पति विकास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद बच्चे के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
