ऑटो न्यूज़

अगस्त में जमकर बिकी कारें, ऑटो बाजार में 35% की तेजी

ऑटो कंपनियों की अगस्त की बिक्री को देखते हुए इस साल भारतीय यात्री वाहन बाजार के लिए त्योहारी सीजन काफी अहम रहने की उम्मीद है। अगर मांग की मौजूदा रफ्तार बनी रहती है, तो आने वाले महीनों में वाहन बिक्री में और तेजी देखने को मिल सकती है।

Image

महिंद्रा की बिक्री भी 50% के करीब बढ़ी

भारत के यात्री वाहन बाजार में अगस्त 2026 के दौरान जोरदार तेजी देखने को मिली है। घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री करीब 35 प्रतिशत बढ़कर लगभग 4.5 लाख यूनिट रहने का अनुमान है। मारुति सुजुकी इंडिया, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा समेत कई प्रमुख वाहन कंपनियों की मजबूत बिक्री ने उद्योग को गति दी है। कंपनियों को आगामी त्योहारी सीजन में भी बिक्री और मांग मजबूत रहने की उम्मीद है।

GST कटौती और सस्ती EMI से बढ़ी मांग

मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (मार्केटिंग एवं सेल्स) पार्थो बनर्जी ने कहा कि पिछले साल GST में कटौती, आयकर में राहत और रेपो रेट में कमी से मांग को जो गति मिली थी, उसका फायदा वाहन उद्योग को अब भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस साल त्योहारी सीजन के दौरान भी ऑटोमोबाइल बाजार में अच्छा कारोबार रहने की उम्मीद है।

बनर्जी के मुताबिक, अगस्त 2025 में उद्योग की घरेलू बिक्री करीब 3.3 लाख यूनिट रही थी, जबकि इस साल अगस्त में यह आंकड़ा करीब 4.5 लाख यूनिट से अधिक रहने का अनुमान है। इसमें लगभग 2,000 से 3,000 यूनिट का अंतर हो सकता है।

मारुति सुजुकी की बिक्री 34.8% बढ़ी

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनियों में शामिल मारुति सुजुकी इंडिया की घरेलू बिक्री अगस्त में 34.8 प्रतिशत बढ़कर 1,76,971 यूनिट हो गई। पिछले साल अगस्त में कंपनी ने घरेलू बाजार में 1,31,278 यूनिट की बिक्री की थी। कंपनी के मुताबिक, बाजार में मांग मजबूत बनी हुई है और आर्थिक राहत के साथ-साथ त्योहारी सीजन से भी बिक्री को अतिरिक्त बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

टाटा मोटर्स की बिक्री में 59% उछाल

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPVL) ने अगस्त में घरेलू बाजार में 65,253 यात्री वाहन बेचे। यह पिछले साल अगस्त में हुई 41,001 यूनिट की बिक्री के मुकाबले करीब 59 प्रतिशत अधिक है। कंपनी की बिक्री में यह तेजी ऐसे समय में आई है जब भारतीय ऑटो बाजार में SUV और अन्य लोकप्रिय यात्री वाहनों की मांग मजबूत बनी हुई है।

महिंद्रा की बिक्री भी 50% के करीब बढ़ी

महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू यात्री वाहन बिक्री अगस्त में करीब 50 प्रतिशत बढ़कर 59,257 यूनिट हो गई। अगस्त 2025 में कंपनी ने 39,399 यूनिट की बिक्री की थी। कंपनी की SUV रेंज की मजबूत मांग ने कुल बिक्री में अहम भूमिका निभाई है।

हुंडई की बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर

हुंडई मोटर इंडिया की घरेलू बिक्री अगस्त में 23.6 प्रतिशत बढ़कर 54,396 यूनिट हो गई। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी तरुण गर्ग ने बताया कि अगस्त 2026 में कंपनी की घरेलू बिक्री किसी भी साल के अगस्त महीने की तुलना में अब तक की सबसे अधिक रही।

किआ, MG और निसान की बिक्री में भी तेजी

अन्य वाहन कंपनियों ने भी अगस्त में मजबूत प्रदर्शन किया। किआ इंडिया की थोक बिक्री 48.1 प्रतिशत बढ़कर 29,042 यूनिट हो गई, जबकि अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 19,608 यूनिट था। वहीं JSW MG Motor India की अगस्त में थोक बिक्री सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 7,508 यूनिट रही। निसान मोटर इंडिया की घरेलू थोक बिक्री में सबसे बड़ी तेजी देखने को मिली। कंपनी की बिक्री 147.5 प्रतिशत बढ़कर 3,426 यूनिट हो गई, जो पिछले साल अगस्त में 1,384 यूनिट थी।

त्योहारी सीजन से और मजबूत हो सकती है बिक्री

ऑटो उद्योग के लिए अगस्त के आंकड़े इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इसके बाद देश में त्योहारी खरीदारी का दौर शुरू होता है। कंपनियों को उम्मीद है कि GST में बदलाव, आयकर में राहत और कम ब्याज दरों से बनी मांग की स्थिति त्योहारी सीजन में और मजबूत हो सकती है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article