क्राइम

Delhi News: 'बबलू के कंटेनर' में मिले शव से मचा हड़कंप, CCTV ने खोला मौत का राज; बेटे की हत्या में पिता समेत दो गिरफ्तार

Delhi News: दिल्ली के कालिंदी कुंज में लावारिस कंटेनर से मिले 38 वर्षीय युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के पिता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर कथित हत्या में इस्तेमाल सामान भी बरामद किया है।

Image

दिल्ली के कालिंदी कुंज में मर्डर का सनसनीखेज खुलासा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले की पुलिस ने कालिंदी कुंज इलाके में एक 38 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मृतक का 64 वर्षीय पिता तालुकदार अंसारी और 49 वर्षीय मोहम्मद वसीम उर्फ अकरम शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान गुल हसन के रूप में हुई है, जो तालुकदार अंसारी का बेटा था। पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को कालिंदी कुंज इलाके में एक लावारिस कंटेनर के अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। यह कंटेनर स्थानीय स्तर पर 'बबलू का कंटेनर' के नाम से जाना जाता है और कच्ची कॉलोनी के पास स्थित है। सूचना मिलने के बाद कालिंदी कुंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कंटेनर के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला, जिसके सिर के बाईं तरफ चोट के निशान थे। घटनास्थल के पास खून लगा कंक्रीट का पत्थर भी बरामद किया गया।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की गई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मृतक की पहचान करने और हत्यारों तक पहुंचने के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। कई दिनों तक की गई सीसीटीवी जांच के बाद पुलिस ने मृतक की गतिविधियों का कैमरा-टू-कैमरा ट्रेल तैयार किया। तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी की मदद से पुलिस को पता चला कि गुल हसन दो अन्य लोगों के साथ घटनास्थल की ओर गया था। फुटेज में तीनों को लावारिस कंटेनर की तरफ जाते हुए देखा गया, लेकिन इसके बाद गुल हसन वापस लौटता नजर नहीं आया।

स्किजोफ्रेनिया से जूझ रहा मृतक

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गोविंदपुरी स्थित एक सिलाई फैक्ट्री से पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस को कथित तौर पर हत्या के पीछे की पूरी घटना के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, गुल हसन मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या स्किजोफ्रेनिया से जूझ रहा था। आरोप है कि तालुकदार अंसारी और मोहम्मद वसीम उसे डॉक्टर के पास ले जाने की बात कहकर लावारिस कंटेनर तक लेकर गए थे। पुलिस के अनुसार, वहां वसीम ने कथित तौर पर पत्थर से गुल हसन के सिर पर हमला किया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और कपड़े की रस्सी से कथित तौर पर उसका गला घोंट दिया। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपियों ने शव को कंटेनर के अंदर छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल पत्थर, खून से सने कपड़े और गला घोंटने में इस्तेमाल की गई रस्सी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों तथा आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article