क्राइम

बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों का तांडव: राजद नेता के भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, 8 घंटे तक सड़क जाम

Bihar News: बिहार के बेगूसराय में अपराधियों ने राजद नेता के भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।

Image

बिहार के बेगुसराय में राजद नेता के भाई की हत्या

Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े राजद के एक वरिष्ठ नेता के भाई की गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

घर से बुलाकर गोलियों से किया छलनी

घटना डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर कटरमाला के समीप की है। मृतक की पहचान राजोपुर गांव निवासी शशि भूषण राय के पुत्र रणधीर कुमार राय के रूप में हुई है। रणधीर के भाई रणवीर कुमार राय राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला सचिव हैं।

राजद के जिला सचिव रणवीर कुमार राय ने बताया कि उनके भाई रणधीर घर के पास ही मौजूद थे। उसी दौरान गांव के ही कुछ अपराधी उन्हें बुलाकर घर के पीछे ले गए और ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। गोलियों से छलनी रणधीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुरानी रंजिश और रंगदारी का मामला

घटना के कारणों का खुलासा करते हुए पीड़ित परिवार ने बताया कि यह हत्या पुरानी रंजिश और रंगदारी विवाद का नतीजा है। करीब 6 महीने पहले भी गांव के कुछ अपराधियों ने रंगदारी की मांग को लेकर दुकान पर चढ़कर गोलीबारी की थी। उस मामले में कुछ अपराधी जेल गए थे, जबकि कुछ बाहर घूम रहे थे। बाहर मौजूद अपराधियों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है।

8 घंटे तक सड़क पर शव रख जमकर हंगामा

हत्याकांड से उग्र ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए लोग हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब 8 घंटे तक सड़क जाम कर हंगामा करते रहे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के एसपी मनीष खुद दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा।

आपसी रंजिश का मामला

बेगूसराय के एसपी मनीष ने पुष्टि की कि प्राथमिक जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बखरी के पूर्व सीपीआई विधायक सूर्यकांत पासवान ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में अपराधी पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं और दिनदहाड़े हत्याएं कर रहे हैं। पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है, जिससे अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article