Puri News: ओडिशा के पुरी शहर के कुंभापाड़ा इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। किराए के मकान की किचन में एक महिला का शव स्लैब के नीचे दफन मिला है। आरोप है कि महिला के बेटे ने उसकी हत्या करने के बाद शव को घर के अंदर ही दफना दिया और मौके से फरार हो गया। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब मकान मालिक मनोरमा साहू को घर की किचन से तेज बदबू आने लगी। शक होने पर उन्होंने सोमवार को स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। मकान मालिक के मुताबिक, करीब दो महीने से एक महिला और उसका बेटा इस घर में किराए पर रह रहे थे। पिछले कुछ दिनों से महिला दिखाई नहीं दे रही थी, जबकि उसका बेटा कथित तौर पर कल ही घर छोड़कर फरार हो गया। महिला और उसके बेटे का कोई पता नहीं चलने और किचन से बदबू आने के बाद मकान मालिक को कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
फरार बेटे की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और किचन की तलाशी ली। जांच के दौरान किचन के स्लैब के नीचे दफन महिला का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि मकान किराए पर लेते समय मां-बेटे ने अपनी पहचान से जुड़े कोई दस्तावेज मकान मालिक को नहीं दिए थे। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि उसके पास मां-बेटे से संपर्क करने के लिए सिर्फ एक फोन नंबर था। पुलिस ने उस नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिल रहा है। अब पुलिस फरार बेटे की तलाश में जुटी है। साथ ही मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मां-बेटे की असली पहचान क्या थी और आखिर महिला की मौत कैसे हुई।
सवालों के घेरे में पूरा मामला
फिलहाल पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या की असली वजह क्या थी, महिला की पहचान कौन है और उसका बेटा कहां फरार हुआ- इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। मकान मालकिन मनोरमा साहू ने बताया कि घर से बदबू आने के बाद उनके बेटे ने पुलिस थाने जाकर पुलिस को सूचना दी और पुलिस को घर बुलाकर लाया। उनके मुताबिक, घर में सिर्फ मां और बेटा ही रहते थे। मनोरमा साहू के अनुसार, बेटा जगन्नाथ जी के भजन से जुड़े एक स्टूडियो में काम करता था, जबकि उसकी मां भीख मांगकर गुजारा करती थी। बताया जा रहा है कि बेटा कल से फरार है और घर पर ताला भी नहीं लगाया गया था।
बेटे में नहीं थी कोई बुरी आदत
पुलिस जब घर पहुंची और किचन के कमरे का दरवाजा खोला, तो वहां स्लैब पर सीमेंट से प्लास्टर किया हुआ दिखाई दिया। इसी के बाद पुलिस को शक हुआ और किचन के स्लैब की जांच की गई। घर के मालिक के बेटे रबी नारायण साहू ने बताया कि मां-बेटा पारलाखेमुंडी के रहने वाले थे। उनके पास उनके बारे में इतनी ही जानकारी है और उनका एक मोबाइल नंबर भी है। रबी नारायण साहू के मुताबिक, बेटा हर सुबह करीब 5 बजे अपनी मां को साथ लेकर मंदिर जाता था और करीब 11 बजे वापस लौटता था। वह अपनी मां की काफी देखभाल करता था। उन्होंने यह भी बताया कि बेटे में शराब पीने या धूम्रपान जैसी कोई बुरी आदत नहीं थी। उन्होंने कभी भी मां-बेटे के बीच किसी तरह का झगड़ा होते हुए नहीं देखा। पुरी एसपी प्रतीक सिंह ने टाइम्स नाउ से खास बातचीत में बताया, "मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। साइंटिफिक टीम को मौके पर बुलाया गया और जब स्लैब को तोड़ा गया, तो उसके अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ। साइंटिफिक टीम ने मौके से कुछ सैंपल भी जुटाए गए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।"
