क्राइम

ग्राहक बनकर बैंक में घुसे लुटेरे, मैनेजर को चाकू से गोदा और दिनदहाड़े लूट ले गए 7 करोड़

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Sep 19, 2023, 05:29 PM IST

Crime News: घटना जगतपुर-ढिमरापुर रोड स्थित ऐक्सिस बैंक की है। जानकारी के मुताबिक, कामकाज के समय में छह से आठ बदमाश ग्राहक बनकर बैंक के अंदर दाखिल हुए और घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने बताय कि बैंक मैनेजर पर 5 बार चाकू से वार किया गया।

Image

बैंक में डकैती

Photo : BCCL

Crime News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दिनदहाड़े बड़ी वारदात हुई है। यहां ऐक्सिस बैंक में 7 करोड़ रुपये की डकैती की वारदात सामने आई है। इतना ही नहीं बदमाशों ने बैंक मैनेजर को चाकू मारकर भी घायल कर दिया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कना है कि बैंक कर्मियों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना जगतपुर-ढिमरापुर रोड स्थित ऐक्सिस बैंक की है। जानकारी के मुताबिक, कामकाज के समय में छह से आठ बदमाश ग्राहक बनकर बैंक के अंदर दाखिल हुए और घटना को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पुलिस पूरे इलाके की छानबीन कर रही है।

घटना के समय नहीं मौजूद था सिक्योरिटी गार्ड

पुलिस ने बताया, तीजा-पोला त्योहार होने के कारण बैंक में भीड़ कम थी और सिक्योरिटी गार्ड भी उस समय तक बैंक में नहीं आया था। इस दौरान छह से आठ बदमाश कार से आए और बैंक में घुस गए। पहले तो उन्होंने कुछ लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया और इसके बाद मैनेजर पर 5 बार चाकू से वार किया और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।

सीसीटीवी में कैद हुई आरोपियों की फुटेज

रायगढ़ के एसएसपी सदानंद कुमार ने बताया कि आरोपियों की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया, घटना के समय बैंक में मौजूद ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों से भी पूछताछ हो रही है। हर तरफ नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की उम्र 25 से 35 साल के करीब है। डकैतों के पास देसी कट्टा था, जिसके सहारे उन्होंने ग्राहकों को डराया। पुलिस का कहना है कि डकैती का पैटर्न देखकर लग रहा है कि रेकी के बाद घटना को अंजाम दिया गया है।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article