World Tiger Day: विश्व बाघ दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने आज यानी बुधवार 29 जुलाई को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय परामर्श कार्यशाला में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बाघ संरक्षण पर आधारित चित्र एवं पोस्टकार्ड का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाघ संरक्षण के क्षेत्र में उत्तराखंड ने देश की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान में उत्तराखंड के जंगलों में बाघों की संख्या 560 दर्ज की गई है।
सीएम धामी ने बताया कि साल 2006 की तुलना में देश में बाघों की संख्या में करीब 160 फीसद की वृद्धि हुई है, जबकि उत्तराखंड में यह वृद्धि 215 फीसद तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व बाघों की संख्या और घनत्व, दोनों के लिहाज से देश के प्रमुख टाइगर रिजर्व में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाघ संरक्षण से राज्य में ईको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिला है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बाघ और अन्य वन्यजीवों के संरक्षण के साथ वनों की सुरक्षा और ईको-टूरिज्म के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यशाला में एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रवर्तन पर भी चर्चा हुई। सरकार प्लास्टिक मुक्त चारधाम यात्रा मार्गों और पर्यटन स्थलों के विकास, जन-जागरुकता तथा प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।
इस अवसर पर उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष में साहसिक कार्य करने और वन्यजीव संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया। देहरादून नगर निगम के मेयर सौरभ थपलियाल सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।
