शहर

पंचकूला के सरकारी स्कूल में मासूम बच्ची से मारपीट मामले में शिक्षा विभाग सख्त, दो शिक्षिकाओं पर गिरी गाज

पंचकूला के सेक्टर-20 सरकारी स्कूल में बच्ची से मारपीट के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने इस मामले में दो JBT शिक्षिकाओं को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

Image

स्कूल में बच्ची से मारपीट मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। (Times Now Navbharat)

हरियाणा के पंचकूला स्थित सरकारी स्कूल में मासूम बच्ची के साथ हुई मारपीट के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने स्कूल में तैनात दो JBT शिक्षिकाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित की गई शिक्षिकाओं की पहचान सिमरनजीत कौर और पूजा रानी के रूप में हुई है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की ओर से दोनों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

तीसरी कक्षा के छात्र ने बच्ची पर किया था हमला

यह मामला पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का है। यहां KG में पढ़ने वाली एक मासूम बच्ची के साथ तीसरी क्लास के छात्र ने मारपीट की थी। इस घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया था।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

शिक्षा विभाग ने लिया सख्त फैसला

बच्ची के साथ हुई घटना के बाद से ही स्कूल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे। अब शिक्षा विभाग ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो JBT शिक्षिकाओं को सस्पेंड कर दिया है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबन से जुड़े आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के मुताबिक, निलंबन की अवधि के दौरान दोनों शिक्षिकाओं का मुख्यालय जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय रहेगा। उन्हें इस अवधि में इसी कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।

बच्ची के साथ मारपीट की घटना से मचा था हड़कंप

मामले के सामने आने के बाद स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीसरी कक्षा के छात्र पर आरोप है कि वह बच्ची को स्कूल की पहली मंजिल पर ले गया और वहां उस पर पत्थरों से हमला किया। इसके बाद गमले से भी चोट पहुंचाने का आरोप है। बच्ची को घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। बच्ची के परिजनों ने भी स्कूल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि अगर स्कूल में CCTV कैमरे लगे थे और उनकी निगरानी की व्यवस्था थी, तो इतनी गंभीर घटना के बारे में समय रहते किसी को जानकारी क्यों नहीं मिली?

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article