वाराणसी

Varanasi Health Centre: गूगल मैप से पता चलेंगे आसपास के सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र, यह काम शुरू

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 14, 2023, 11:35 AM IST

Health Center in Varanasi known From Google Map: वाराणसी में आम लोगों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए बड़ी पहल की जा रही है। इससे लोगों को सरकारी अस्पातल या स्वास्थ्य केंद्र का पता लगाने में परेशानी नहीं होगी। लोग अपने मोबाइल पर गूगल मैप के माध्यम से नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगा हुआ है। बहुत जल्द सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की मैपिंग करा ली जाएगी।

Image

वाराणसी जिला अस्पताल (फाइल फोटो)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • स्वास्थ्य विभाग सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की कराएगा मैपिंग
  • जी-20 सम्मेलन को ध्यान में रखकर बहाल की जा रही सुविधा
  • जिले में सरकारी अस्पतालों समेत 66 स्वास्थ्य केंद्र


Varanasi News: जिले में अब स्वास्थ्य सेवाएं हाईटेक हो रहीं हैं। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की जानकारी भी लोग आसानी से हासिल कर सकेंगे। गूगल मैप के जरिए किसी को अपने आसपास के सरकारी अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्र की जानकारी मिल जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की मैपिंग कराने के लिए तैयारी जारी है। यह जी-20 सम्मेलन को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। जिले में सरकारी अस्पतालों के साथ शहरी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों की कुल संख्या 66 है।

इन सभी जगहों पर इमरजेंसी के साथ ओपीडी, जांच आदि की सुविधा है। जिले के किस इलाके में कौन सा स्वास्थ्य केंद्र है, अस्पताल में कितने बेड हैं, उस जगह क्या-क्या सुविधाएं हैं, विशेषज्ञ डॉक्टर किस अस्पताल में मिलेंगे, यह सब जानकारी गूगल मैप पर उपलब्ध रहेगी। इससे लोगों के मन में कोई असमंजस नहीं रह जाएगा। अमूमन लोगों को अस्पताल जाने के बाद यह जानकारी हासिल हो पाती है। ऐसे में कई बार मरीज एवं उनके परिजनों को कई तरह की परेशानी भी उठानी पड़ती है। इसको ध्यान में रखते हुए यह सब जानकारियां गूगल मैप पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्वास्थ्य केंद्रों पर पहले बहाल होगी सुविधा

स्वास्थ्य विभाग की कार्ययोजना के मुताबिक यह काम दो चरणों में पूरा किया जाना है। पहले चरण में प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की मैपिंग कराई जाएगी। इसके बाद सरकारी अस्पतालों की मैपिंग कराई जानी है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों से पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कही है। इसके बाद जिले के सभी निजी अस्पतालों की भी गूगल मैपिंग कराई जाएगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि निजी अस्पतालों के लिए आईएमए, नर्सिंग होम एसोसिएशन का सहयोग लिया जाएगा।

एक क्लिक पर मिलेगी पूरी जानकारी

चिकित्सा अधिकारी के मुताबिक बाहर से वाराणसी आने वाले लोगों के लिए यह अधिक उपयोगी साबित होगा। उन्हें क्षेत्र के बारे में कोई जानकारी नहीं होती है। उन्हें सिर्फ एक क्लिक पर अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़ी पूरी जानकारी हासिल हो जाएगी। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की मैपिंग कराने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रहीं हैं। इसमें स्वास्थ्य केंद्र के संसाधनों के साथ मरीजों से संबंधित जानकारी भी मिलेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article