Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून एक बार फिर एक्टिव होने के बाद यहां लगातार बारिश हो रही है। राज्य के कई जिलों में काफी तेज और ज्यादा बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी बुधवार 29 जुलाई को 22 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उदयपुर और कोटा संभाग में 30-31 जुलाई को कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में बारिश का दौर आगामी 2 अगस्त तक जारी रह सकता है।
पिछले 24 घंटे में टोंक में सबसे ज्यादा 101 MM बारिश हुई है। झालावाड़ के झालरापाटन में 87 MM तक बारिश हुई। इसके अलावा भरतपुर, सीकर, भीलवाड़ा, अलवर, चित्तौड़गढ़, नागौर, करौली, कोटा, राजसमंद और सवाई माधोपुर में भी तेज बारिश हुई। धौलपुर में बारिश के कारण बसेड़ी और सैंपऊ में कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
आखिर राजस्थान में इतना एक्टिव क्यों हुआ मानसून?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना गहरे कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट के पास स्थित है। मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से होकर इस सिस्टम तक पहुंच रही है। इसके प्रभाव से राजस्थान में मानसून एक्टिव हुआ है और अगले तीन दिन राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
अजमेर में सामान्य से 46.5 फीसद ज्यादा बारिश
अजमेर में इस साल जून से 28 जुलाई तक 308.7 MM बारिश दर्ज हो चुकी है। इस अवधि में सामान्य बारिश 210.7 MM मानी जाती है। यानी यहां अब तक सामान्य से लगभग 46.5 फीसद बारिश ज्यादा हुई है। आज से अजमेर संभाग में भी मध्यम से तेज बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।
जयपुर, सीकर और अलवर में भी बारिश
राजधानी जयपुर में मंगलवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। जेएलएन मार्ग पर 16 MM और जालसू में 25 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। सीकर के लक्ष्मणगढ़ में मंगलवार को 51 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। अलवर में बारिश के बाद अरावली की पहाड़ियों पर हरियाली लौट आई है। हालांकि, सिलीसेढ़ और राजगढ़ में जलभराव से लोगों को दिक्कतें हुईं और एक स्कूल बस पानी में फंस गई।
श्रीगंगानगर में दिन का तापमान 41 पार
उत्तरी राजस्थान में मंगलवार दिन के समय मौसम साफ रहने से गर्मी बढ़ने लगी। श्रीगंगानगर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, लेकिन शाम के बाद यहां भी बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। बारिश के कारण चित्तौड़गढ़, सीकर, पिलानी, जयपुर, अलवर, चूरू, करौली और दौसा में तापमान 2 से 5 डिग्री तक गिर गया।
