शहर

राजस्थान का मौसम (4 Feb 2026) Rajasthan Weather Today: मौसम का डबल अटैक; पारा 5 डिग्री तक लुढ़का, कई जिलों में बारिश-ओलों का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 4 Feb 2026: राजस्थान में मौसम की चाल एक बार फिर बदल गई है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर और उत्तरी हवाओं के सक्रिय होने से प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जहां एक ओर शेखावाटी और उत्तरी राजस्थान कोहरे की सफेद चादर में लिपटे हैं, वहीं दूसरी ओर हाड़ौती और उदयपुर संभाग में बारिश और ओलावृष्टि ने कनकनी बढ़ा दी है। आइए जानते हैं राजस्थान के मौसम का हाल।

Image

राजस्थान में घने कोहरे के साथ बूंदाबादी की संभावना

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (4 Feb 2026): राजस्थान में उत्तरी हवाओं के प्रवेश के साथ ही न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। मंगलवार को नागौर राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां पारा गिरकर 5.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सीकर, पाली और फतेहपुर में भी कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है, यहां न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री के बीच बना हुआ है। सर्द हवाओं के कारण जयपुर समेत कई शहरों में दिन का तापमान भी 25 डिग्री से नीचे बना रहा।

इन इलाकों में कोहरे और मावठ का असर

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आज बुधवार को जयपुर, भरतपुर और शेखावाटी संभाग के जिलों में जबरदस्त कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूर्वी राजस्थान के अलवर, दौसा, टोंक और करौली जैसे जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित होने से सुबह के समय यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।

हाड़ौती और उदयपुर संभाग में ओले की आशंका

हाड़ौती और उदयपुर संभाग के मौसम में सबसे ज्यादा हलचल देखी जा रही है। कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के साथ-साथ उदयपुर संभाग में आज बादलों की आवाजाही के बीच बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि हाड़ौती क्षेत्र के कुछ हिस्सों में ओले गिर सकते हैं, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुँचने का डर है।

पश्चिमी राजस्थान में मौसम की स्थिति

पूर्वी और उत्तरी राजस्थान में जहां कोहरा और बारिश का अलर्ट है, वहीं जोधपुर और बीकानेर जैसे पश्चिमी हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, इन इलाकों में भी आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा।

आगे कैसा रहेगा मौसम

जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादलों और कोहरे का असर बना रहेगा। जैसे-जैसे यह मौसमी सिस्टम आगे बढ़ेगा, मौसम साफ होने लगेगा। हालांकि, फिलहाल तापमान में बहुत बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन सुबह-शाम की ठिठुरन बरकरार रहेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article