सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने राज्य के तीन प्रमुख शहरी निकायों- नगर निगम पटियाला, नगर परिषद बाघा पुराना और नगर परिषद धर्मकोट के कुल 52 वार्डों में दोबारा चुनाव करवाने का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके तहत नगर निगम पटियाला के 30 वार्डों, नगर परिषद बाघा पुराना के 15 वार्डों और नगर परिषद धर्मकोट के 7 वार्डों के सदस्यों का चुनाव किया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही इन तीनों निकायों के संपूर्ण अधिकार क्षेत्र में आदर्श चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया के समापन तक प्रभावी रहेगी।
चुनावी शेड्यूल
राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, नामांकन से लेकर मतदान तक की महत्वपूर्ण तिथियां इस प्रकार हैं- नामांकन का पहला दिन शुक्रवार, (13 नवंबर 2026) सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक, नामांकन का दूसरा दिन मंगलवार (17 नवंबर 2026) सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक, नामांकन का तीसरा दिन बुधवार (18 नवंबर 2026) सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तकना, मांकन का अंतिम दिन गुरुवार (19 नवंबर 2026), सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक, नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार (20 नवंबर 2026) सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक, नाम वापसी की अंतिम तिथि शनिवार, (21 नवंबर 2026) दोपहर 3 बजे तक, मतदान की तिथि शनिवार (28 नवंबर 2026) सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक। वहीं, मतगणना (वोटों की गिनती) से संबंधित दिशा-निर्देश आयोग द्वारा बाद में जारी किए जाएंगे।
उम्मीदवारों के लिए जरूरी नियम
सभी उम्मीदवारों के लिए नामांकन पत्र के साथ निर्धारित शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा। यदि कोई प्रत्याशी किसी राजनीतिक दल के टिकट पर चुनाव लड़ रहा है, तो उसे संबंधित पार्टी का प्राधिकरण पत्र भी संलग्न करना होगा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी उम्मीदवारों का केवाईसी विवरण संबंधित जिलों की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इसके अलावा आयोग ने नगर निगम पद के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम चुनाव खर्च की सीमा 4,00,000 रुपये तय की है, जबकि नगर परिषदों (क्लास-II) के उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 2,30,000 रुपये निर्धारित की गई है।

चुनावी शेड्यूल
1.76 लाख से अधिक मतदाता तय करेंगे प्रत्याशियों का भविष्य
ईवीएम के माध्यम से होने वाले इन चुनावों में कुल 1,76,429 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं का विवरण इस प्रकार है। पुरुष मतदाता-91,415, महिला मतदाता-84,999, अन्य मतदाता-15 सुगम मतदान के लिए आयोग ने कुल 150 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें नगर निगम पटियाला के 30 वार्डों में 123 मतदान केंद्र, नगर परिषद बाघा पुराना के 15 वार्डों में 20 मतदान केंद्र और नगर परिषद धर्मकोट के 7 वार्डों में 7 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
हाई कोर्ट की निगरानी कमेटी रखेगी पैनी नजर
इस पूरी पुनर्मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए माननीय उच्च न्यायालय द्वारा एक विशेष निगरानी कमेटी का गठन किया गया है। राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासनिक और सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।
