दुनिया

Nvidia के नए CEO होंगे टिम कुक? ट्रंप ने जेन्सन हुआंग के उत्तराधिकारी के तौर पर सुझाया नाम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के नए सीईओ के लिए Apple के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन टिम कुक का नाम सुझाया है। ट्रंप ने जेन्सन हुआंग के काम की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी जगह लेने के लिए टिम कुक ही सही विकल्प हैं। हालांकि, एनवीडिया ने टिम कुक की नियुक्ति का कोई ऐलान नहीं किया है। कंपनी ने फिलहाल कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ बनाया है।

Image

ट्रंप ने Nvidia के नए सीईओ का विकल्प दिया है। AP

Photo : AP

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के नए सीईओ के लिए एक चौंकाने वाला नाम सुझाया है। ट्रंप की नजर में Apple के टिम कुक इस पद के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग ने शानदार काम किया है और उनके इस्तीफे के बाद उनकी जगह लेने के लिए सिर्फ एक ही व्यक्ति हैं- Apple के टिम कुक। ट्रंप ने इस बदलाव को 'एक लीजेंड की जगह दूसरा लीजेंड' बताया।

ट्रंप ने टिम कुक को बताया जेन्सन हुआंग का उत्तराधिकारी

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अब जबकि एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग ने इस्तीफा दे दिया है, जिन्होंने शानदार काम किया है, तो उनकी जगह लेने के लिए सिर्फ एक ही व्यक्ति हैं। Apple के टिम कुक। एक लीजेंड की जगह दूसरा लीजेंड!”

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब एनवीडिया में नेतृत्व को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। हालांकि, ट्रंप ने टिम कुक का नाम जरूर सुझाया है, लेकिन Nvidia के बोर्ड ने उन्हें अगला सीईओ नियुक्त करने का कोई ऐलान नहीं किया है।

जेन्सन हुआंग ने क्यों छोड़ा एनवीडिया का सीईओ पद?

एनवीडिया के सह-संस्थापक और लंबे समय से सीईओ रहे जेन्सन हुआंग ने 12 नवंबर को तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कंपनी के आधिकारिक ऐलान के मुताबिक, एनवीडिया की सीएफओ कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कंपनी का बोर्ड स्थायी सीईओ की तलाश करेगा और इस प्रक्रिया में आंतरिक तथा बाहरी दोनों उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा।

हुआंग का इस्तीफा ऐसे वक्त आया है, जब कंपनी उनके निजी संबंधों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों को लेकर चर्चा में थी। एनवीडिया के बोर्ड ने पहले ही इन रिपोर्टों के बाद स्वतंत्र जांच शुरू करने की बात कही थी। कंपनी ने कहा था कि उसके पास फिलहाल ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि उसके गोपनीय डेटा या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी से समझौता हुआ है।

अब Apple के सीईओ नहीं हैं टिम कुक

ट्रंप ने एनवीडिया की कमान के लिए टिम कुक का नाम सुझाया है, लेकिन एक अहम बात यह है कि कुक अब Apple के सीईओ नहीं हैं। Apple ने अप्रैल 2026 में नेतृत्व परिवर्तन का ऐलान किया था। इसके तहत 1 सितंबर 2026 से जॉन टर्नस ने सीईओ की जिम्मेदारी संभाल ली, जबकि टिम कुक कंपनी के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बन गए।

कुक ने करीब 15 साल तक Apple के सीईओ के रूप में कंपनी का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में Apple का कारोबार और वैश्विक बाजार में उसकी स्थिति काफी मजबूत हुई। ऐसे में ट्रंप का उन्हें एनवीडिया के शीर्ष पद के लिए सुझाना टेक इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन गया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article