छठ पूजा के मद्देनजर हावड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले छठ व्रतियों और यात्रियों की सुविधा के लिए इस बार स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार यात्रियों की सुविधाओं में कई गुना इजाफा किया गया है।
हावड़ा स्टेशन के एक्सप्रेसवे, जो प्लेटफॉर्म नंबर 8 और 9 के बीच स्थित है, को विशेष रूप से होल्डिंग एरिया में तब्दील किया गया है। बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनें इसी प्लेटफॉर्म पर आएंगी। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और ट्रेन के इंतजार के दौरान उन्हें व्यवस्थित तरीके से बैठाने के उद्देश्य से इस पूरे इलाके को तैयार किया गया है।
छठ पूजा के अवसर पर रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनें
खास बात यह है कि होल्डिंग एरिया को रंग-बिरंगे सजावटी सामान और आकर्षक सजावट से संवारा गया है, जिससे छठ पर्व का उत्सवी माहौल भी नजर आ रहा है। इस बार छठ पूजा के अवसर पर रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म पर पीने के पानी के विशेष वॉटर स्टेशन बनाए गए हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को भी पहले से अधिक मजबूत किया गया है। बड़ी संख्या में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के अधिकारियों एवं जवानों की तैनाती की गई है।
TIMES NOW Navbharat पर पढ़ें: छठ पूजा के लिए अहमदाबाद से राजगीर और छपरा के लिए स्पेशल ट्रेनें, 8 ट्रेनों में बढ़ेंगे कोच
होल्डिंग एरिया में जगह-जगह बैरिकेडिंग भी की गई है
भीड़ प्रबंधन को सुचारू बनाने के लिए होल्डिंग एरिया में जगह-जगह बैरिकेडिंग भी की गई है, ताकि यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों का सफर सुरक्षित और सुविधाजनक रहे।
