Nepal Microbus Accident: नेपाल के बागमती प्रांत में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब यात्रियों से भरी एक माइक्रोबस पहाड़ी सड़क से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार सुबह लगभग 5:45 बजे मकवानपुर जिले के भीमफेदी ग्रामीण नगर पालिका क्षेत्र में हुई। वाहन काठमांडू से सर्लाही जा रहा था और उसमें करीब 17 लोग सवार थे। भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क के एक पहाड़ी हिस्से से माइक्रोबस फिसलकर करीब 300 मीटर नीचे जा गिरी।
छठ पूजा मनाने घर लौट रहे थे सभी यात्री
इस दर्दनाक हादसे में वाहन चालक सहित 11 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए छह अन्य यात्रियों को इलाज के लिए हेटौडा नगर पालिका स्थित एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि वाहन में सवार सभी लोग दक्षिणी नेपाल के सर्लाही जिले के निवासी थे, जो इस रविवार को पड़ने वाले छठ महापर्व को मनाने के लिए काठमांडू से अपने घर लौट रहे थे। गौरतलब है कि छठ पर्व मुख्य रूप से नेपाल के दक्षिणी मैदानी इलाके यानी तराई क्षेत्र के हिंदू समुदाय द्वारा बेहद धूमधाम से मनाया जाता है।
