स्पोर्ट्स

अंबेकर मीतेई ने रचा इतिहास, यूथ ओलंपिक में भारत को दिलाया मुक्केबाजी का पहला स्वर्ण पदक

मणिपुर के मुक्केबाज एल अंबेकर मीतेई ने युवा ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले इतिहास रच दिया है। वो इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बॉक्सर बन गए हैं।

Image

अंबेकर मीतेई

डकार (सेनेगल): एल अंबेकर मीतेई ने युवा ओलंपिक खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा में गुरुवार को स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। अंबेकर मीतेई पुरुषों के 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी को 3-2 से शिकस्त देकर इस प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले देश के पहले मुक्केबाज बन गये। इससे पहले इस प्रतियोगिता में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2010 के युवा ओलंपिक में रहा था जब शिव थापा ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता था। विकास कृष्ण ने भी 2010 में सिंगापुर में आयोजित युवा ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल किया था।

शानदार अंदाज में पूरा किया फाइनल तक का सफर

पटियाला स्थित राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) में अभ्यास करने वाले अंबेकर ने फाइनल तक का सफर शानदार अंदाज में तय किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले के पहले ही दौर में नामीबिया के अब्राहम कालेन्गा को मुकाबले से बाहर कर दिया। इसके बाद सेमीफाइनल में कोलंबिया के इज्जोन जेफ्री गैलेया अरेवालो को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल में दिखाया संयम और आत्मविश्वास

मणिपुर के अंबेकर ने फाइनल में भी गजब का संयम और आत्मविश्वास दिखाया। कड़े मुकाबले में उन्होंने आयरलैंड के मुक्केबाज को 3-2 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। युवा ओलंपिक में भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। प्रतियोगिता में एक अन्य भारतीय खिलाड़ी गुंजन भी महिलाओं के 48 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में पहुंची हैं, जहां वह स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगी।

मामा को देखकर की बॉक्सिंग की शुरुआत

17 वर्षीय अंबेकर मीतेई एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता लैरेनलाकपम मदन छोटा फूड जॉइंट चलाते हैं, जबकि मां बबीता लीमा गृहिणी हैं। अंबेकर के बॉक्सिंग में आने की कहानी भी दिलचस्प है। उनके मामा इस खेल से जुड़े हुए थे और उन्हें देखकर ही अंबेकर की मुक्केबाजी में दिलचस्पी पैदा हुई। उनके मामा खदेम सुकुमार ने उनकी शारीरिक क्षमता को पहचानते हुए उन्हें बॉक्सिंग अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने 2018 में पहली बार रिंग में कदम रखा और इम्फाल के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित नेशनल स्पोर्ट्स एकेडमी (NSA) में प्रशिक्षण शुरू किया। उनके कोच विजय कुमार शर्मा और ओइनम गीता चानू हैं। 2025 में उनका चयन राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए हुआ और इसके बाद उन्होंने पटियाला स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (NIS) में राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण लिया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article