शहर

दिल्ली में तेज रफ्तार डंपर का कहर, ऑटो सवार 2 लोगों की मौत; 6 महीने की गर्भवती ने खोया बच्चा

Delhi Road Accident: दिल्ली के सोनिया विहार में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और छह घायल हुए। छह महीने की गर्भवती महिला ने अपना अजन्मा बच्चा खो दिया। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है।

Image

Delhi Road Accident: दिवाली मनाकर लौट रहा था परिवार, घर से चंद कदम पहले डंपर ने मारी टक्कर। ANI

Photo : ANI

Delhi Road Accident: दिल्ली में तेज रफ्तार डंपर का कहर देखने को मिला है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसे में छह महीने की एक गर्भवती महिला ने अपना अजन्मा बच्चा भी खो दिया। घायलों में छह महीने की एक बच्ची भी शामिल है।

यह हादसा सुबह करीब 5 बजे पुश्ता नंबर-5 के पास हुआ। ऑटो में कुल आठ लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

दिवाली मनाकर लौट रहा था परिवार

हादसे में जान गंवाने वालों में 32 वर्षीय सतबीर भी शामिल है। वह अपनी पत्नी मोनी (26) और छह महीने की बेटी कनिका के साथ उत्तर प्रदेश के कासगंज से दिवाली मनाकर दिल्ली लौट रहा था। परिवार का ऑटो उनके घर से महज कुछ कदम की दूरी पर था, तभी सोनिया विहार में डंपर ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में सतबीर की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और मासूम बेटी घायल हो गईं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सतबीर ट्रॉनिका सिटी की एक फैक्ट्री में पैकेजिंग मशीन पर काम करता था। दिवाली मनाकर घर लौट रहे परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि घर पहुंचने से पहले ही उनकी खुशियां मातम में बदल जाएंगी।

गर्भवती महिला ने खोया बच्चा

इस हादसे में एक अन्य परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ऑटो में सवार राजा (32) अपनी पत्नी राखी (26) के साथ दिल्ली आ रहा था। दोनों मूल रूप से गाजियाबाद के भूपखेड़ी के रहने वाले हैं और फिलहाल चौहान पट्टी में रह रहे थे।

परिजनों के मुताबिक, राखी छह महीने की गर्भवती थी। वह डिलीवरी से जुड़ी जांच और डॉक्टर से परामर्श के लिए पति के साथ दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान डंपर ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में राखी गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में उसने अपना अजन्मा बच्चा खो दिया। राजा और राखी का एक साल का बेटा भी है। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हादसे के बाद फरार हुआ डंपर चालक

पुलिस के मुताबिक, हादसे में दो पुरुषों की मौत हुई है और छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को पहले जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया। बाद में कुछ घायलों को गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने जांच की है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि हादसे की सही वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुश्ता रोड पर डंपर चालक अक्सर गलत दिशा में वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासी पंकज ने आरोप लगाया कि इलाके में बिना वैध दस्तावेजों, फिटनेस सर्टिफिकेट और परमिट के ऑटो व अन्य व्यावसायिक वाहन खुलेआम चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के हादसे पहले भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल हादसे की जांच कर रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article