देश

तीन हफ्ते के भीतर दूसरी बार दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे अमित शाह, तीन घंटे से ज्यादा चली कानून-व्यवस्था पर बैठक

अमित शाह दोपहर करीब 3:15 बजे जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। बैठक में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Image

तीन हफ्ते के भीतर दूसरी बार दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे अमित शाह, तीन घंटे से ज्यादा चली कानून-व्यवस्था पर बैठक

Amit Shah: राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में दूसरी बार हाईलेवल समीक्षा बैठक की। खास बात यह है कि तीन हफ्ते से भी कम समय में अमित शाह का यह दूसरा दौरा था। इस दौरान दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति, पुलिस की तैयारियों और खुफिया तंत्र को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

राजधानी की सुरक्षा से जुड़े कई अहम पहलुओं की समीक्षा

अमित शाह दोपहर करीब 3:15 बजे जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। बैठक में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। करीब तीन घंटे से ज्यादा समय तक चली इस बैठक में राजधानी की सुरक्षा से जुड़े कई अहम पहलुओं की समीक्षा की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 24 अक्टूबर को हुई पिछली बैठक में कुछ ऐसे मुद्दे रह गए थे, जिन पर विस्तार से चर्चा नहीं हो पाई थी। गुरुवार की बैठक में इन्हीं मुद्दों को भी एजेंडे में शामिल किया गया। इसमें खुफिया जानकारी जुटाने, पुलिस की तैयारियों और दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा हुई।

बैठक को पड़ोसी इलाकों में हाल में हुई सुरक्षा घटनाओं के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को संदिग्ध आतंकियों की ओर से सुरक्षा चौकी पर की गई गोलीबारी में तीन सीआरपीएफ जवान घायल हो गए थे। इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई गई थी।

इसके अलावा, गाजियाबाद के वसुंधरा पुलिस चौकी में 6 नवंबर को हुए विस्फोट का मामला भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। इस घटना में एक फूड डिलीवरी कर्मचारी घायल हुआ था और पुलिस चौकी को भी नुकसान पहुंचा था। मामले की जांच में उत्तर प्रदेश एटीएस समेत कई एजेंसियां जुटी हैं। संभावित आतंकी कनेक्शन के दावों की भी जांच की जा रही है।

24 अक्टूबर को भी बैठक की थी

गौरतलब है कि इससे पहले 24 अक्टूबर को भी अमित शाह ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की थी। उस बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे। उस दौरान बड़े आयोजनों, प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की तैयारी, भीड़ प्रबंधन, खुफिया तंत्र और अलग-अलग पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी।

गुरुवार की बैठक में पिछली समीक्षा के दौरान छूटे मुद्दों को भी शामिल किया गया। लगातार दूसरी बैठक से साफ है कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों की समीक्षा पर केंद्र सरकार का विशेष ध्यान है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article