पटना

Bihar: सारण में नीतीश सरकार ने बंद किया Facebook, WhatsApp और Twitter, जानें क्यों हुई हिंसा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 6, 2023, 07:14 PM IST

Bihar:बिहार के सारण में जिला प्रशासन ने रविवार से स्थिति सामान्य होने तक सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी। एक युवक की हत्या के बाद सारण में हिंसा भड़क उठी है। हिंसा के दौरान भीड़ ने ग्राम प्रधान के घर में आग लगा दी और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

Image

सारण में जातीय हिंसा

Photo : ANI

Bihar: छपरा हिंसा के बाद सारण जिले में नीतीश सरकार ने फेसबुक, वाट्सअप और ट्विटर पर कुछ दिनों के लिए बैन लगा दिया है। बिहार सरकार ने सारण जिले में 8 फरवरी को रात 11 बजे तक 23 सोशल नेटवर्किंग और मैसेजिंग एप्लिकेशन पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। बिहार सरकार की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है कि आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप, स्नैपचैट और अन्य ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

कौन-कौन से एप शामिल

आदेश के अनुसार, राज्य सरकार ने फेसबुक, व्हाट्सएप, वीचैट, ट्विटर, गूगल प्लस, स्नैपचैट, टेलीग्राम, स्काइप और अन्य सोशल मीडिया पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने उन सभी ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिए हैं, जिनसे एक साथ कई मैसेज भेजे जा सकते थे।

प्रशासन ने क्या कहा

आदेश के में बिहार सरकार की ओर से कहा गया- "यह आशंका है कि सारण जिले में कुछ असामाजिक तत्व इंटरनेट का उपयोग सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के लिए कर सकते हैं। ऐसा महसूस किया गया है कि सोशल नेटवर्किंग साइट्स और इंस्टेंट मैसेजिंग सेवाओं का दुरुपयोग होने की संभावना है। इसलिए इन पर अस्थाई तौर पर बैन लगाया जा रहा है।"

क्या है मामला

दरअसल छपरा में एक मॉब लिंचिंग हुई है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई है। घटना सारण के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव की है। इसका एक वीडियो भी सामने आया था। आरोप है कि मुबारकपुर पंचायत की मुखिया मुखिया आरती यादव के पति विजय यादव ने अपने गुंडों के साथ मिलकर राजपूत समुदाय के तीन लोगों की पिटाई कर दी। जिसमें से एक अमितेश कुमार सिंह नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य राहुल कुमार सिंह और आलोक कुमार सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं घटना के बाद से फरार विजय यादव का आरोप है कि अमितेश व अन्य लोग मोटरसाइकिल पर आए और उन पर फायरिंग की, लेकिन वह भागने में सफल रहे।

हो गई हिंसा

इस घटना के वीडियो वायरल होने पर राजपूत समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए और हिंसा करने लगे। आरोपी प्रधान के घर में आग लगा दी गई। सोशल मीडिया पर कई भड़काऊ वीडियो पोस्ट किए गए। जिसके बाद इलाके में शांति बहाली के लिए भारी संख्या में फोर्स को तैनात करना पड़ गया।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article