शहर

Delhi: रामलीला मैदान में आज विपक्ष की बड़ी रैली, SIR के खिलाफ 25 दिनों में नौवीं बार एकजुट होंगे विपक्षी दल, तैयारियां जोरों पर

SIR के विरोध में विपक्षी दल 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली करेंगे। इसमें 20 से ज्यादा विपक्षी दलों के शामिल होने की संभावना है। जिसको लेकर रामलीला मैदान में जोर-शोर से तैयारियां जारी हैं।

Image

SIR के खिलाफ INDIA ब्लॉक की आज रामलीला मैदान में रैली

Photo : ANI

INDIA Bloc Rally in Delhi: दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज यानी 1 नवंबर को SIR के विरोध में INDIA गठबंधन की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ नाम से होने वाली इस रैली में 20 से ज्यादा विपक्षी दलों के शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस के मुताबिक, इसमें 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य है। राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई बड़े नेता रैली को संबोधित करेंगे।

रैली के जरिए विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग एक बार फिर उठाएगा। पिछले 25 दिनों में यह नौवां मौका होगा, जब विपक्षी दल SIR के विरोध में एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच राहुल गांधी समेत INDIA गठबंधन के नेताओं ने आठ बार विरोध प्रदर्शन किए थे।

सुबह 10 से शाम 5 बजे तक की अनुमति

दिल्ली पुलिस ने रैली के लिए रविवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की अनुमति दी है। पुलिस के मुताबिक, तय समय के बाद प्रदर्शनकारियों को रामलीला मैदान खाली करना होगा। मैदान में रातभर रुकने की इजाजत नहीं दी गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है।

इस महारैली को लेकर रामलीला मैदान में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। मैदान में विशाल तिरंगे के साथ दो मंच और पंडाल लगाए गए हैं। मुख्य मंच पर विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं के बैठने की व्यवस्था है, जबकि गठबंधन के अलग-अलग घटक दलों की प्रदेश इकाइयों के लिए भी मंच तैयार किया गया है। लोगों के बैठने के लिए करीब 40 से 45 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। मैदान के आसपास सफेद छतरियों वाले टेंट भी लगाए गए हैं। देर रात तक मिनी ट्रकों से कुर्सियां और अन्य सामान पहुंचाया जाता रहा। इस दौरान बारिश का पानी निकालने का काम भी जारी था। आयोजन का मुख्य कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच होने की योजना है। पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली और दूसरे राज्यों से लाने के लिए सैकड़ों बसों की व्यवस्था की जा रही है।

राहुल गांधी ने व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील की

रैली से पहले राहुल गांधी ने शनिवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को लाखों लोग रामलीला मैदान में मार्च के लिए दिल्ली आ रहे हैं। त्योहारों का सीजन होने का जिक्र करते हुए उन्होंने बाहर से आने वाले लोगों से दिल्ली के व्यापारियों की मदद करने और रैली में शामिल होने के साथ खरीदारी करने की अपील की। राहुल गांधी ने कहा कि रैली से व्यापारियों को नुकसान नहीं होगा और आरोप लगाया कि भाजपा इसको लेकर अफवाह फैला रही है।

व्यापारी संगठनों ने जताई बड़े नुकसान की आशंका

दरअसल, दिल्ली के व्यापारी संगठनों ने त्योहारों के बीच रैली आयोजित किए जाने पर चिंता व्यक्त की थी। इस संबंध में व्यापारियों ने राहुल गांधी को चार बार पत्र लिखकर रैली 10 नवंबर तक टालने का अनुरोध किया था। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने भी INDIA गठबंधन के सभी दलों को पत्र भेजा था। CTI ने अनुमान जताया है कि रैली के कारण त्योहारी सीजन में कारोबार को करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। वहीं, व्यापारी संगठन CAIT के मुताबिक, 2025 में इन बाजारों में दिवाली के दौरान त्योहारी बिक्री 75 हजार करोड़ रुपये तक पहुंची थी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article